कोविड अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत कोरोना: एक दिन में संक्रमण के 45 नए मामले

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना के एकबारगी बढ़ते संक्रमण ने होली से पहले खलबली मचा दी है। बुधवार को रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डा समेत विभिन्न स्थानों पर 45 नए संक्रमित मिले। बड़ी बात यह कि 43 दिन के बाद लेवल थ्री के कोविड अस्पताल में एक मरीज की मौत हो गई। इस सूचना को जिसने भी सुना, बिल्कुल वैसे ही चौंक पड़ा जैसे अप्रैल 2020 में हर पल की सूचना चौंकाने वाली रहती थी।
कोरोना की रफ्तार शहर में तेजी से बढने के चलते स्वास्थ्य विभाग के टीम की सक्रियता बढ़ गई है। मुंबई, बंगलुरू से आने वाली हर ट्रेन, फ्लाईट के यात्रियों की कोरोना जांच प्रक्रिया को कस दिया गया है। बुधवार को मिले संक्रमितों में एक रेलवे जंक्शन से और एक हवाई अड्डे पर मिला। सीएमओ कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार लेवल थ्री कोविड अस्पताल में 28 लोग भर्ती हैं। दो मरीज ही डिस्चार्ज हो सके। होम आइसोलेशन से एक व्यक्ति को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया। कुल 3820 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया।



