भाजपा और समाजवादी पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू- सतीश चंद्र मिश्र

कौशाम्बी (अनुराग दर्शन समाचार )। विधानसभा चुनाव में कामयाबी के लिए लगातार चुनावी सभाएं कर रहे बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र ने अब कहा है कि भाजपा और समाजवादी पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सपा शासनकाल में गुंडों-माफियाओं का राज्य था। व्यापारी और आम आदमी अपने को सुरक्षित नहीं समझता था। वही हाल भाजपा कार्यकाल में भी है। लूट, हत्या व दुष्कर्म जैसे मामले लगातार बढ़ रहे हैं। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। बसपा के राज्यसभा सदस्य सतीशचंद्र मिश्र बुधवार को कौशांबी जनपद में मंझनपुर क्षेत्र के पश्चिम शरीरा दंगल मैदान में पार्टी की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि कहा कि बहुजन समाज पार्टी के कार्यकाल में गुंडा माफिया सलाखों के पीछे थे। व्यापारी और महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे थे। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार ने किसानों और बेरोजगारों को ठगने का कार्य किया है। कृषि कानून संशोधन को लेकर लगभग एक साल तक किसान धरना प्रदर्शन करते रहे। इसी दौरान कई किसानों की जान भी गई है। भाजपा के चुनावी रणनीतिकारों ने थक हारकर नए कृषि कानून को वापस ले लिया है। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी प्रदेश की सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।



