मथुरा और वृंदावन के बीच जल्द चलेगी ‘ब्रज हेरिटेज ट्रेन’!

इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने धार्मिक नगरी मथुरा और वृंदावन के बीच 15 किलोमीटर के वर्तमान रेल कॉरिडोर को “ब्रज हेरिटेज ट्रेन रूट” के रूप में विकसित करने की मांग रेल मंत्री पीयूष गोयल से की है. श्रीकांत शर्मा ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात कर ‘ब्रज हेरिटेज ट्रेन’ सेवा विकसित करने और दिल्ली से पलवल के बीच ईएमयू सेवा का मथुरा तक विस्तार के संबंध में ब्रजवासियों की मांगों से उन्हें अवगत कराया. वहीं मुलाकात के दौरान रेल मंत्री ने मथुरा और वृंदावन के बीच ब्रज हेरिटेज ट्रेन की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है.
इस दौरान श्रीकांत शर्मा ने रेल मंत्री को दो पत्र भी सौंपे, जिसमें उन्होंने मथुरा से दिल्ली के बीच ईएमयू ट्रेन के फेरे बढ़ाने की मांग की है. मथुरा से बीजेपी विधायक शर्मा ने गोयल को लिखे पत्र में कहा कि आध्यात्मिक जगत में ब्रज का अपना अलग ही स्थान है. करोड़ों श्रद्धालु और तीर्थयात्री हर साल यहां आते हैं, लेकिन यहां ढांचागत सुविधाओं, विशेषकर यात्री परिवहन सुविधाओं का अभाव है. इसलिए भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा से लीलास्थली वृंदावन तक एक ट्रेन’ कॉरीडोर विकसित किया जाए.
शर्मा ने कहा कि मथुरा और वृंदावन के बीच करीब 15 किलोमीटर रेल ट्रैक है. जिस पर रेल सेवा नियमित नहीं है, जिससे रेलवे की इस परिसंपत्ति का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर इस कॉरीडोर को ब्रज थीम के साथ विकसित कर मथुरा-वृंदावन के बीच आधुनिक सुविधाओं से संपन्न नियमित ब्रज मेट्रो ट्रेन चलाई जाए तो इससे लोगों को काफी सुविधा होगी


