फिल्म वेद से बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं जेनेलिया

(अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। अभिनेता रितेश देशमुख निर्देशक की कुर्सी संभालने के पूरी तरह तैयार हैं। वह मराठी फिल्म वेद के साथ अपने निर्देशन की शुरूआत कर रहे हैं, जो एक दशक के बाद जेनेलिया देशमुख की अभिनय में वापसी भी है।
रितेश ने इंस्टाग्राम पर घोषणा करते हुए कहा कि वह पहली बार कैमरे के पीछे खड़े होंगे।
20 साल तक कैमरे के सामने रहने के बाद, मैं पहली बार इसके पीछे खड़े होने के लिए एक बड़ी छलांग लगा रहा हूं।
उन्होंने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, मैं अपनी पहली मराठी फिल्म का निर्देशन कर रहा हूं, मैं विनम्रतापूर्वक आप सभी से शुभकामनाएं और आशीर्वाद मांगता हूं। इस यात्रा का हिस्सा बनें, इस पागलपन का हिस्सा बनें। हैशटैग वेद।
जेनेलिया ने भी वही पोस्टर साझा किया और इसे कैप्शन दिया कि मेरी पहली मराठी फिल्म है। एंड बैक टू द मूवीज – फाइनली।
फिल्म से संबंधित विवरण अभी भी गुप्त रखा गया है।
बॉलीवुड एक्ट्रेस जेनेलिया डिसूजा ने बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम किया है। वो कई हिट फिल्में भी दे चुकी हैं। वो साउथ की कई फिल्मों में भी नजऱ आ चुकी हैं। हालांकि शादी के बाद वो फिल्मों में कम ही नजऱ आई हैं। काफी लंबे समय से उन्हें पर्दे पर नहीं देखा गया है। जेनेलिया डिसूजा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री रहे विलास राव देशमुख के बेटे रितेश देशमुख से शादी की थी। इन दोनों की लव स्टोरी बॉलीवुड की सबसे क्यूट लव स्टोरी में से एक है। जेनेलिया पहली मुलाकात में ही अपने से 9 साल बड़े रितेश को दिल दे बैठी थीं। जेनेलिया डिसूजा और रितेश देशमुख की मुलाकात हैदराबाद में हुई थी। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘तुझे मेरी कसमÓ के सेट पर हुई थी। इस फिल्म से रितेश और जेनेलिया ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म साल 2002 में रिलीज हुई थी।




