बैंक ट्रांजेक्शन प्रिंट आउट के बगैर जमा होंगे फार्म

यूपीपीएससी: पीसीएस मेंस के चयनित अभ्यर्थियों को राहत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। पीसीएस मेंस के लिए चयनित अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने राहत दी है। अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन के दौरान लगातार सर्वर डाउन होने की वजह से मुख्य परीक्षा का शुल्क अदा करने के बाद भी बैंक ट्रांजेक्शन का प्रिंट आउट नहीं निकाल पा रहे थे। जबकि हार्डकॉपी के साथ बैंक ट्रांजेक्शन का प्रिंट आउट भी अभ्यर्थियों को जमा करना था।
अभ्यर्थियों की इस समस्या को देखते हुए आयोग ने नोटिस जारी करते हुए पीसीएस-2020 मेंस के अभ्यर्थियों को बैंक ट्रांजेक्शन प्रिंट आउट के बिना फार्म जमा करने की अनुमति दे दी। इस समस्या के सम्बंध में पीसीएस मेंस के अभ्यर्थियो के साथ ही प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति ने लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सचिव से शिकायत की थी।
समिति के अध्यक्ष ने कहा कि आयोग की ओर से बिना प्रिंट आउट के फार्म जमा करने की छूट देने से पीसीएस मेंस के अभ्यर्थियों को काफी राहत मिली है। पीसीएस-2020 की मुख्य परीक्षा के लिए 14 दिसम्बर तक ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख है। वहीं 21 दिसम्बर शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन की हार्डकॉपी अभ्यर्थियों को लोक सेवा आयोग के कार्यालय में जमा करनी होगी। पीसीएस-2020 की प्रारंभिक परीक्षा से 5535 अभ्यर्थियों को मेंस परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है।




