विराट-दिव्यांश ने खेलगांव पब्लिक स्कूल को जिताया

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। विराट गुप्ता (7-1-20-5) और दिव्यांश राज पांडेय (7-2-21-4) की अचूक गेंदबाजी से खेलगांव पब्लिक स्कूल ने रुद्राभिषेक ट्रस्ट फ़ॉर स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन (आरटीएसई) को पांच विकेट से हराकर शमशेर अहमद अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर शुक्रवार को खेले गए मैच में आरटीएसई ने 26.1 ओवर में 101 रन (आरिज़ इक़बाल 46 नाबाद, अनुवेंद्र यादव 16, विराट गुप्ता 5/20, दिव्यांश राज पांडेय 4/21) बनाये।जवाब में खेलगांव पब्लिक स्कूल ने 13.2 ओवर में 5 विकेट पर 102 रन (प्रांजल पांडेय 36 नाबाद, हर्ष 20, आदित्य चौधरी 2/14, प्रिंस, अनुराग व ज़ैद एक-एक विकेट) बना लिए। विराट गुप्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
*रेलवे की अंडर-25 टीम के कैंप में प्रथम का चयन*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर के युवा क्रिकेटर प्रथम मिश्र का चयन भारतीय रेलवे की अंडर-25 टीम के कैंप के लिये किया गया है।
रेलवे स्पोर्ट्स प्रोमोशन बोर्ड द्वारा चयनित 30 खिलाड़ियों का यह कैंप 18 दिसंबर से 22 जनवरी तक नई दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में चलेगा। कैंप में पूर्व मध्य रेलवे के विकास कुमार व उत्तर रेलवे के यजुर्वेद सिंह कोच तथा दक्षिण रेलवे के सीए प्रभाकर व उत्तर पश्चिम रेलवे के मधुकर खत्री ट्रेनर होंगे।
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सुबेदारगंज में कार्यरत प्रथम मिश्र दारागंज निवासी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच देवेश मिश्र के पुत्र हैं। प्रथम दायें हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज होने के साथ बायें हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं।


