रोजगार मांगा तो सौ छात्रों पर मुकदमा दर्ज

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रोजगार की मांग करते हुए पत्थर गिरजाघर पर विरोध करने वाले छात्रों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। जेल भेजे गए तीनों छात्रों को नामजद किया है। इसके अलावा 100 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद अन्य आरोपी छात्रों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइंस थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक 24 फरवरी की दोपहर में 20-25 छात्र रोजगार की मांग और रोजगार का विज्ञापन जारी न करने पर सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाया तो विरोध कर रहे छात्रों ने फोन कर अन्य छात्रों को बुला लिया। देखते ही देखते 100 छात्र एकत्र हो गए और जबरदस्ती सड़क पर आने की कोशिश करने लगे। इनके बीच छात्राएं भी थी।
इस दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कानपुर देहात के राजेश सचान, नैनी के अनिल सिंह एवं मांडा के अमरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान किया। इन पर आरोप था कि बिना अनुमति के कोरोना काल में प्रदर्शन कर रहे थे। छात्र-छात्राओं को बरगला रहे थे। पुलिसिया कार्रवाई का छात्रों ने विरोध जताया था। इसी आधार पर पुलिस ने कुल 103 छात्रों के खिलाफ सरकारी काम में बांधा पहुंचाना, सड़क पर बलवा करना, आने जाने वाले वाहनों को रोकने पर सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।




