गंगा, यमुना पर तैरती गंदगी साफ करने के लिए लाई गई स्क्रीमिंग बोट बना शोपीस
लोकार्पण के बाद से बोट से एक दिन भी गंगा, यमुना की नही हुई सफाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । गंगा, यमुना पर तैरती गंदगी साफ करने के लिए लाई गई स्क्रीमिंग बोट भी शोपीस बन गई। पौने दो करोड़ की बोट का एक सप्ताह पहले महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने लोकार्पण किया था। लोकार्पण के बाद से बोट से एक दिन भी गंगा, यमुना की सफाई नहीं हुई। बोट संगम क्षेत्र में खड़ी है। जबकि उसी दिन से बोट को गंगा-यमुना की सफाई शुरू करनी थी। बताया जा रहा है कि थर्ड पार्टी की स्वीकृति मिलने के बाद बोट से सफाई होगी। इसकी जानकारी होने पर नगर निगम के मुख्य अभियंता सतीश कुमार ने निजी एजेंसी को बोट से सफाई शुरू करने का निर्देश दिया है। इससे पहले नमामि गंगे से इसी तरह की बोट प्रयागराज विकास प्राधिकरण को दी गई थी। तेल का बजट नहीं मिलने पर स्क्रीमिंग बोट को सवारी बोट के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। बोट में कचरा साफ करने के लिए लगे व्हील निकाल लिए गए।




