कोरोनाः नए मामलों से अधिक हुए डिस्चार्ज आरटीओ, जज व पांच डाॅक्टर समेत 314 पाजिटिव
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रविवार को आरटीओ, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के जज व एसआरएन के पांच डॉक्टर समेत जिले में 314 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इन संक्रमितों को लेकर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11766 हो गई है। वहीं रविवार को कोरोना संक्रमित नए केसों (314) की तुलना में कोरोना मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या (346) अधिक रही। एक दिन में स्वस्थ्य होने के बाद 346 लोगों को डिस्चार्ज भी कर दिया गया। इनमें 65 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा था जबकि 281 मरीज होम आइसोलेशन में थे।
कोविड-19 के नोडल अधिकारी डा. ऋषि सहाय के मुताबिक एसबीआई राजापुर के कैशियर, एसबीआई चैक के कैशियर, झलवा यूनियन बैंक के कैशियर, बारा के रजिट्रारध्कानूनगो, एसीजेएम के स्टेनो, शहर के निजी अस्पताल के डाक्टर, रसूलपुर प्राइमरी स्कूल के शिक्षक, धारीपुर प्राइमरी स्कूल के शिक्षक, डिप्टी रजिस्ट्रार, नैनी के फिजियोथैरेपिस्ट, एलआईसी कार्यालय सिविल लाइंस के मैनेजर, एफसीआई के तकनीकी सहायक कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
इनसेट…
एसआरएन में पांच मरीजों ने तोड़ा दम
प्रयागराज। कोरोना संक्रमण का इलाज करा रहे पांच मरीजों ने रविवार को एसआरएन अस्पताल में दम तोड़ दिया। मरने वालों में तीन प्रयागराज, एक प्रतापगढ़ और एक जौनपुर के रहने वाले हैं। इन मौतों के साथ जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 176 हो गई है। फूलपुर निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, कर्नलगंज निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग महिला, कालिंदीपुरम निवासी 58 वर्षीय महिला, प्रतापगढ़ निवासी 60 वर्षीय महिला, जौनपुर निवासी 18 वर्षीय युवक की रविवार को मौत हो गई।




