संगम की रेती पर बसे माघ मेले में 82 वेंडर कोरोना संक्रमित

इन संक्रमितों में संगम पर नौकायन करने वाले कुछ मल्लाह भी शामिल हैं।
सभी को कालिंदीपुरम स्थित कोविड-19 लेवल -1 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
( अनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। माघ मेला क्षेत्र में अब तक कुल 1800 लोगों के एंटीजन टेस्ट में बाहर से आए संतों और कल्पवासियों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। माघ मेले के दूसरे सबसे बड़े स्नान पौष पूर्णिमा से कल्पवास आरंभ हो जाएगा। इससे पहले भीड़ बढ़ने के साथ ही कोरोना संक्रमण रोकने के लिए व्यापक रणनीति बनाई जा रही है। सेक्टरवाइज कोविड-19 सेंटरों के अलावा मोबाइल टीमें दिन भर संतों-कल्पवासियों का टेस्ट कराने के लिए पसीना बहा रही हैं। बुधवार को मोबाइल टीमों के अलावा हर सेक्टर में खुले कोविड-जांच केंद्रों पर 1300 संतों-कल्पवासियों का टेस्ट किया गया। आंकड़े के मुताबिक महीने भर के भीतर अब तक कुल 18000 लोगों का एंटीजन टेस्ट कराया गया है। इसमें 82 लोगों की एंटीजन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इसमें मेला क्षेत्र में काम करने वाले वेंडर और मल्लाह संक्रमित पाए गए हैं। सभी संक्रमितों को कालिंदीपुरम के लेवल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा माघ मेले में शिविर लगाने वाली संस्थाओं के माध्यम से प्रदेश भर के कल्पवासियों का जिलेवार विवरण तैयार किया जा रहा है।



