Latest

ट्रेनों की बढ़ी रफ्तार, कम समय में तय होगी दूरी

समय में बदलाव, ट्रेनों का समय का पता कर घर से निकलें

( आनंत पांडे ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। ट्रेनों की रफ्तार बढऩे के बाद अब यात्री अपने गंतव्य तक अपेक्षाकृत कम समय में पहुंचेंगे। कई ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया है। परेशानी से बचने के लिए यात्री वेबसाइट से समय का पता कर घर से निकलें। गुरुवार से संपूर्ण क्रांति के समय में बदलाव किया गया है। वहीं, शुक्रवार से पटना से गुजरने वाली राजधानी सहित छह अन्य ट्रेनों के खुलने और पहुंचने के समय में बदलाव होगा।
कुर्ला-पटना स्पेशल ट्रेन अब अपने निर्धारित समय से 10 घंटा पहले पटना पहुंचेगी। 6 दिसंबर से यह ट्रेन लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रात के 10:15 की बजाय दिन के 14:55 पर खुलेगी और अगले दिन रात के 11:55 पर पटना पहुंचेगी। पहले यह ट्रेन पटना में दिन के 10 बजे पहुंचती थी। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों को अब लगभग 2 घंटे से ज्यादा समय की बचत होगी। राजेंद्रनगर पटना से पहले यह ट्रेन जहां शाम 5:40 बजे खुलती थी, वहीं अब यह ट्रेन शाम 7:25 बजे खुलेगी और दिल्ली 7:55 बजे पहुंचेगी।
शुक्रवार से पटना से खुलने वाली राजधानी एक्सप्रेस के समय में भी 10 मिनट का बदलाव किया गया है। यह ट्रेन राजेंद्र नगर से शाम 7:10 में खुलेगी जबकि दिल्ली से आने के क्रम में यह ट्रेन शाम 5:40 की बजाय पटना में शाम 4:50 में पहुंचेगी। श्रमजीवी एक्सप्रेस दिल्ली पहुंचने में आधा घंटा कम समय लेगी। इसी तरह पटना-हावड़ा जनशताब्दी, पटना-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस के समय में भी कुछ बदलाव किया गया है। फरक्का एक्सप्रेस के समय में भी आंशिक बदलाव किया गया है।

इनसेट….

नए समय पर चलेंगी पूर्वोत्तर रेलवे की ट्रेनें

प्रयागराज। वाराणसी में मुंबई जाने वाली महानगरी के अलावा मंडुवाडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट, कृषक और चौरीचौरा एक्सप्रेस का भी समय बदला गया है। मंडुवाडीह-नई दिल्ली सुपरफास्ट अब सवा घंटे कम समय में पहुंचाएगी। महानगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब एक घंटे 10 मिनट कम समय में मुंबई पहुंचायेगी। पांच दिसंबर से मंडुवाडीह-नई दिल्ली (02581) रात 10.30 बजे के बजाय नए समय 11.10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली सुबह 11.30 बजे पहुंचेगी। इसी तरह नई दिल्ली-मंडुवाडीह (02582) विशेष गाड़ी रात 10.15 बजे चलकर मंडुवाडीह सुबह 10.15 बजे पहुंचेगी। चार दिसंबर से ट्रेन नंबर 05008 लखनऊ जं.-वाराणसी सिटी विशेष गाड़ी लखनऊ से रात 11.10 बजे चलेगी और वाराणसी सिटी 12.20 बजे पहुंचेगी। जबकि ट्रेन नंबर 05007 वाराणसी सिटी-लखनऊ जं. शाम पांच बजे चलेगी और लखनऊ जं. सुबह 06.15 बजे पहुंचेगी।

चौरीचौरा एक्सप्रेस से 50 मिनट की बचत

प्रयागराज। चौरीचौरा एक्सप्रेस से प्रयागराज और गोरखपुर के बीच आवागमन करने वालों का 50 मिनट समय बचेगा। रफ्तार बढऩे के साथ ट्रेन का समय भी चार दिसंबर से बदल जाएगा। नई समय सारिणी के अनुसार चौरीचौरा एक्सप्रेस अब इलाहाबाद से पूर्व समय के पांच मिनट बाद प्रस्थान कर 45 मिनट पहले गोरखपुर पहुंचेगी। इसी प्रकार गोरखपुर से ट्रेन 15 मिनट पहले प्रस्थान 25 मिनट पहले प्रयागराज आएगी। चौरीचौरा एक्सप्रेस प्रयागराज से रात 21.05 प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 6.10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से ट्रेन रात 23.00 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 8.15 बजे प्रयागराज जंक्शन आएगी। वर्तमान में चौरीचौरा प्रयागराज से रात 21.00 बजे प्रस्थान कर सुबह 6.55 बजे प्रयागराज पहुंचती है। गोरखपुर से ट्रेन रात 22.45 बजे चलकर सुबह 8.40 बजे प्रयागराज आती है।

Related Articles

Back to top button