लाल टोपी का मतलब दंगा, भ्रष्टाचार: योगी

मेरठ ( अनुराग दर्शन समाचार ) । सिवालखास विधानसभा के हर्रा गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में सपा पर जमकर हमला किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाल टोपी का मतलब दंगाई है, भ्रष्टाचार है, हिस्ट्रीशीटर है। योगी ने सिवाल खास में गुलाम मोहम्मद का नाम लिए बगैर कहा कि इन लोगों को जब भी मौका मिलेगा ये माफियाओं के साथ देंगे। सिवालखास में जाट समाज को बेइज्जत किया गया। योगी ने कवाल कांड उठाते हुए कहा कि सचिन और गौरव के हत्यारों को वोट दोगे क्या? योगी ने कहा कि जब दंगे हो रहे थे, तब लखनऊ में उनका सम्मान हो रहा था। योगी ने कहा कि कोई भी भाई अपनी बहन का अपमान नहीं देख सकता। योगी ने कहा कोई भी समाज अपनी बहन-बेटियों की इज्जत पर हमला करने वाले को वोट नहीं करेगा। योगी ने सवाल किया कि क्या ऐसे लोगों को वोट करोगे। मेरठ में मंगलवार को सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला किया।
सीएम योगी ने कहा कि वह (अखिलेश यादव) लाल पोटली लेकर घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि उन्होंने संकल्प ले लिया है। सीएम योगी ने लाल पोटली को भी दंगों से जोड़ दिया। योगी ने कहा कि आप कोई संकल्प नहीं ले सकते। जब यहां दंगे हो रहे थे और लोग मारे जा रहे थे तो आप सो रहे थे।
सीएम योगी ने लोगों से पूछा कि क्या आपने पिछले 5 साल में कोई दंगा देखा है? 2017 से पहले हर दूसरे दिन दंगे होते थे। क्या आप दंगे कराने वाले और महिला सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले लोगों को वोट देंगे? कोई भी स्वाभिमानी समाज उन तत्वों का समर्थन नहीं कर सकता जो महिला सुरक्षा के लिए खतरा हैं। योगी ने कहा कि 2017 से पहले हर दूसरे दिन दंगे होते थे। युवकों ने विरोध किया तो उनके खिलाफ फर्जी केस दर्ज कर लिया गया। महिला सुरक्षा खतरे में थी। किसान दुखी और आत्महत्या करने को मजबूर थे। पिछले दिनों मुजफ्फरनगर में जयंत चौधरी के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने जेब से एक ‘लाल पोटली’ निकालकर दिखाई और कहा था कि इसमें अन्न है और इसलिए इसे जेब में लेकर घूम रहे हैं। अखिलेश ने कहा था कि किसानों के हक के लिए आखिरी वक्त तक लड़ेंगे। इसलिए मैं जेब में यह पोटली लेकर चलता हूं, लाल टोपी और लाल पोटली। अन्न दाता के पक्ष में उन्हें हारने के लिए अन्न संकल्प लेकर चलता हूं। सीएम योगी से पहले राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा पर लाल पोटली को लेकर अखिलेश पर हमले कर चुके हैं।
एक लड़का लखनऊ से करा रहा था दंगा, दूसरा दिल्ली में बैठकर देख रहा था तमाशा
मेरठ के किठौर विधानसभा क्षेत्र के सिसौली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन्होंने वैक्सीन लिया वह मोदी जी का आभार व्यक्त करें और जिन्होंने नहीं लिया, वह तत्काल ले लें। वैक्सीन का विरोध करने वालों को आप लोगों ने कड़ा तमाचा मारा है।
‘दंगाइयों पर बुलडोजर चलने पर इन्हें होता है दुख’
प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में ज्ञात-अज्ञात शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन शुरू किया। कहा कि डबल इंजन की सरकार ने गरीबों को डबल डोज राशन भी उपलब्ध कराया है। सपा-रालोद गठबंधन पर हमला करते हुए सीएम ने कहा कि इनमें से एक लड़का लखनऊ में बैठकर दंगा करा रहा था और दूसरा दिल्ली में बैठकर तमाशा देख रहा था। मुजफ्फरनगर के गौरव और सचिन सहित सैकड़ों लोगों के खून से इनकी टोपी रंगी हुई है। लाल टोपी खतरे का निशान है। दमदार सरकार ही विकास के साथ दंगाइयों से निबट सकती है। जब दंगाइयों पर बुलडोजर चलता है तो इन्हें दुख होता है। दंगाइयों व सोतीगंज के माफिया से उन्हें सहानुभूति है।
भाजपा है तो विकास है, भाजपा है तो माफिया पर बुलडोजर है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले विकास का पैसा इत्र वाले मित्र के पास जाता था। भाजपा है तो विकास है, भाजपा है तो माफिया पर बुलडोजर है। मेरठ से दिल्ली की दूरी भाजपा सरकार ने कम कर दी ही। रैपिड रेल से भी कम होगी। भाजपा ने रेल मार्ग, हाईवे, मेडिकल कालेज का निर्माण किया है। फिल्मसिटी का निर्माण किया है। उधर, इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मेरठ के सिवालखास में भी प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने आज पेश हुए केंद्रीय बजट को देश की 135 करोड़ जनता के लिए लाभकारी बताया।




