इविवि: वीसी के चयन साक्षात्कार पर टिकी निगाहें

21 से 25 अगस्त तक सर्च कमेटी लेगी ऑनलाइन साक्षात्कार
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय कुलपति के चयन के लिए 21 अगस्त से शुरू हो रहे साक्षात्कार पर सबकी नजर है। सर्च कमेटी ने 413 आवेदनों की स्क्रीनिंग के बाद जिन 15 आवेदकों (शिक्षाविदों) को साक्षात्कार के लिए अर्ह घोषित किया है वो अपना नाम पांच लोगों की सूची में शामिल देखना चाह रहे हैं जिनमें से एक पर विजिटर (राष्ट्रपति) अपनी मुहर लगाएंगे।
उच्च पदस्थ सूत्रों की माने तो इविवि कुलपति के चयन के लिए 21 अगस्त से 23 अगस्त तक रोजाना चलने वाले ऑनलाइन साक्षात्कार में हर दिन तीन-तीन शिक्षाविदों का ऑनलाइन साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार के बाद सर्च कमेटी तीन या पांच नामों का चयन कर एचआरडी मंत्रालय को भेजेगी। मंत्रालय उन नामों को राष्ट्रपति के पास भेजेगा। सर्च कमेटी द्वारा चयनित नामों से संतुष्ट होने पर ही विजिटर नये कुलपति के नाम पर अपनी मुहर लगाएंगे।
विदित हो कि केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने इविवि कुलपति पद के लिए देशभर से कुल 15 शिक्षाविदों को ऑनलाइन साक्षात्कार के लिए बुलावा भेजा है। इस सूची में इविवि के तीन शिक्षक भी शामिल बताये जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मंगलवार, 11 अगस्त को सर्च कमेटी की पहली बैठक में इविवि कुलपति के लिए आए 413 आवेदनों की स्क्रीनिंग हुई और 15 आवेदकों को साक्षात्कार के लिए अर्ह घोषित किया गया।



