बसंत पंचमी: कोहरे व शीतलहर के बीच लाखों ने लगाई डुबकी

महामंडलेश्वर सतुआ बाबा सहित संत महात्माओं ने लगाई डुबकी
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, भ्रमणशील रहे अधिकारी
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। संगम की पवित्र भूमि पर चल रहे माघमेला की चौथे स्नान पर्व ज्ञान की देवी मॉ सरस्वती के प्राकट्य तिथि बसंत पंचमी पर गंगा, यमुना व अदृश्य सरस्वती की पावन धारा में लगभग सात लाख लोगों ने घने कोहरे व शीत लहर के बीच संगम में पुण्य की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच बाद में मौसम ने भी खूब साथ दिया। अच्छी धूप निकली। बंसत पंचमी पर स्नान के लिए स्नानार्थियों का संगम की रेती पर जमावड़ा एक दिन पूर्व से ही प्रारम्भ हो गया था। शुभ मुहूर्त के साथ ही संगम स्नान का सिलसिला प्रारम्भ हुआ जो दिनभर जारी रहा। संगम स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने लेटे हनुमान जी का दर्शन किया तथा अक्षय फल की कामना हेतु अन्न, वस्त्र, फल का दान भी किया। प्रवासी पक्षियों की अठखेलियां श्रद्धालुओं के बीच आकषर्ण का केन्द्र रही। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन व सुरक्षित स्नान के लिए व्यापक पुलिस प्रबन्ध किये गये थे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर नागरिक पुलिस, यातायात पुलिस, घुड़सवार पुलिस, महिला पुलिस कर्मी, अग्निशमन दल, पीएसी के जवान, एटीएस के कमाण्डो तैनात किए गए थे। स्टीमर के माध्यम से संगम क्षेत्र का लगातार निरीक्षण किया गया तथा एसडीआरएफ/फ्लड कम्पनी के जवानों द्वारा घाटों पर सतर्क दृष्टि रखी गयी। सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे व ड्रोन के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी गयी। ‘पब्लिक एड्रेस सिस्टम’ के माध्यम से सभी श्रद्धालुओं से लगातार अनुरोध किया गया कि सावधानी पूर्वक स्नान करें किसी भी संदिग्ध वस्तु को हाथ न लगाए। मेले में आने वाले स्नानार्थियो को कोई असुविधा न हो इसके लिये मेला क्षेत्र में ही छः स्थानों पर ‘पार्किग’ की व्यवस्था की गयी थी। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक माघ मेला डॉ0 राजीव नारायण मिश्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पाण्डेय व नोडल पुलिस अधिकारी अरुण कुमार दीक्षित लगातार मेला क्षेत्र में ही रहकर भ्रमणशील रहे।




