Latest

धनतेरस के मौके पर जगमग दिखे बाजार,ग्राहकों की उमड़ी भीड़

देर रात तक खुले बाजार,जमकर हुई खरीददारी
प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार ) नवरात्रि से त्योहारी सीजन शुरू होने के बाद धनतेरस और दीपावली के लिए शहर के बाजार सज धज के पूरी तरह से तैयार दिखे। मंगलवार को धनतेरस के मौके पर बाजार ग्राहकों की भीड़ से पट गया। धनतेरस के साथ ही दीप पर्व भी महीने की शुरुआत में है,लिहाजा इस बार ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। चाहे इलेक्ट्रॉनिक बाजार हो, रेडीमेड कपड़ों का बाजार,बर्तन,फर्नीचर या फिर सर्राफा बाजार सभी जगह ग्राहकों की देर रात तक भीड़ लगी रही। कोरोना काल के बाद बाजारों में दो वर्ष बाद सही मायने में रौनक देखने को मिली है। शहर के चौक सराफा बाजार का नजारा ही कुछ और है। यह पूरा बाजार किसी दुल्हन से कम नहीं सजा है। चौक, सिविल लाइंस कटरा कोठापरचा बहादुरगंज दारागंज अलोपीबाग की बाजार चमक भी कहीं कम नहीं है। इन बाजारों में भी अच्छे ऑफर दिए गए हैं। ताकि ग्राहक आकर्षित होकर ज्यादा खरीदारी कर सकें। हालांकि धनतेरस धातु की खरीद शुभ मानी जाती है। लेकिन अब बदले परिवेश में धातु खरीदने का ट्रेंड भले ही कम ना हुआ हो, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक वाहन फर्नीचर और कपड़ा कारोबारी उछाल पर है। खास तौर पर इलेक्ट्रॉनिक आइटम और वाहनों के शो रूम में ग्राहकों की अच्छी खासी तादाद देखी गयी।

*10 ग्राम से सौ ग्राम तक के सिक्के की सबसे ज्यादा मांग*

सराफा बाजार में 10 ग्राम से लेकर सौ ग्राम तक के सोने और चांदी के सिक्कों की सबसे ज्यादा मांग रही। चांदी के नोट भी बुक कराए गए हैं। इसके अलावा अलग-अलग भार वाले सोने-चांदी के गणेश लक्ष्मी, दुर्गा, राधाकृष्ण, सोने-चांदी के बर्तनों की भी मांग है। सोने के बर्तन मांग के अनुसार बनाए जा रहे हैं।
स्टील और पीतल पर महंगाई की जबरदस्त मार है। स्टील के दाम पिछले साल की तुलना में 65 फीसदी और पीतल के दाम में 35 फीसदी की तेजी आ चुकी है। स्टील के रेट 325 रुपये से लेकर 550 रुपये किलो तक हैं। पीतल 450 रुपये किलो है। इसके बाद भी लेजर लुक वाले बर्तनों जैसे गिलास, प्लेट और मग की ग्राहकों ने खरीददारी की।

*देसी झालरों से जगमग बाजार*

दो सालों बाद झालर बाजार में भी रौनक छाई है। शाहगंज इलेक्ट्रॉनिक बाजार के अलावा शहर के अलग-अलग फुटकर बाजारों में लगी दुकानों में इनकी अच्छी बिक्री हुई। इसके अलावा अलग-अलग स्टाइल के झूूमर, रंग-बिरंगी घंटी, डांसिंग लाइट आदि की डिमांड रही।

*गाड़ियों की डिलीवरी दी*

सेमी कंडक्टरों के कारण कार कंपनियां इनकी डिलीवरी देने में वेटिंग दे रही हैं। इसके बाद भी पहले बुक की गई गाड़ियों की डिलीवरी धनतेरस पर ग्राहकों को दी गई। दो पहिया वाहनों की मांग ज्यादा रही। छोटी एसयूवी और विदेशी कारों की भी बुकिंग की गई है। धनतेरस के लिए ढाई हजार से ज्यादा दोपहिया और तीन सौ से ज्यादा चार पहिया वाहन बुक किये गए थे।

*मिट्टी के बने गणेश-लक्ष्मी की मांग ज्यादा*

बाजार में मिट्टी के बने गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियों की मांग सबसे ज्यादा रही। हालांकि पीओपी की बनी मूर्तियां भी हैं। इनकी कीमत 51 रुपये से लेकर 2501 रुपये तक है। वहीं प्लास्टिक के फूल,कांच,फाइबर की बनी बंदनवार की भी अच्छी डिमांड देखी गई है। खील खिलौना लइया, गट्टा की भी खूब खरीदारी हुई है।

Related Articles

Back to top button