Latest

इविविः यूजी व विधि का परीक्षा कार्यक्रम घोषित

यूजी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 14 व विधि अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 सितंबर से

अगले सप्ताह जारी किया जाएगा
परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं कॉलेजों में स्नातक अंतिम वर्ष और विधि अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा समिति के निर्णय पर कुलपति प्रो. आरआर तिवारी ने अपनी मुहर लगा दी है। इविवि के पीआरओ डॉ. शैलेंद्र मिश्र की ओर से जारी सूचना के अनुसार स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 14 सितम्बर से 21 अक्टूबर तक होंगी। विधि पाठ्यक्रम के अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 सितम्बर से 19 सितम्बर तक कराई जाएंगी। परास्नातक का परीक्षा कार्यक्रम अगले सप्ताह जारी किया जाएगा।
डॉ. शैलेंद्र मिश्र के अनुसार स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 31 दिनों और विधि की परीक्षाएं पांच दिनों में सम्पन्न करा ली जाएंगी। ऑनलाइन मोड में होने वाली यह परीक्षाएं दो पालियों में कराई जाएंगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से अपरान्ह दो बजे और दूसरी पाली की परीक्षा अपरान्ह एक से शाम पांच बजे तक होगी। पहली पाली के प्रश्नपत्र सुबह 10 बजे और दूसरी पाली के प्रश्नपत्र अपरान्ह एक बजे इविवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।

इनसेट…

ए-4 साइज पेज पर देना होगा उत्तर
पीआरओ डॉ. शैलेंद्र मिश्र ने बताया कि परीक्षार्थियों को ए-4 साइज के पेज पर काले अथवा नीले पेन से सभी सवालों का जवाब देना होगा। उन्हें प्रत्येक पेज पर कक्षा, विषय, पेपर, अनुक्रमांक और एनरोलमेंट नम्बर दर्ज करना अनिवार्य होगा। परीक्षार्थियों को प्रत्येक पेज पर पेज नम्बर भी लिखना होगा। सबसे पहले पेज पर कुल पेजों की संख्या लिखनी होगी। यदि किसी ने 30 पेज पर सवालों का जवाब दिया है तो उसे पहले पेज से लेकर आखिरी पेज तक प्रत्येक पेजों की संख्या लिखनी होगी। अभ्यर्थियों को चार घंटे की अवधि में कुल चार सवालों का जवाब देना होगा। इसी समय में परीक्षार्थियों को उत्तरपुस्तिका की फोटो स्कैन कर पेजों को पीडीएफ में बदलना होगा। पीडीएफ का नाम एयू फिर अनुक्रमांक और फिर पेपर कोड से दर्ज करके अपलोड करना होगा। यदि कोई परीक्षार्थी किसी विषय में फेल होता है तो वह दूसरी बार परीक्षा दे सकता है। हालांकि, यह सुविधा केवल इसी सत्र में लागू होगी।

Related Articles

Back to top button