बेली अस्पताल में सिटी स्कैन अब मुफ्त में होगा

इसके लिए केवल एक रुपये खर्च करके करना होगा पंजीकरण
मंडलायुक्त संजय गोयल ने इस यूनिट का किया उद्घाटन
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । किसी हादसे में घायल होने पर अब अधिकांश डाक्टर सीटी स्कैन कराने की सलाह देते हैं। इससे इलाज आसान हो जाते हैं । लेकिन सीटी स्कैन निजी संस्थानों में बहुत महंगा होता है। जो गरीबों के पहुंच से दूर होता है। हालांकि अब प्रयागराज के गरीबों को भी यह सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। तेज बहादुर सप्रू चिकित्सालय यानी बेली अस्पताल में सिटी स्कैन अब मुफ्त में होगा, इसके लिए केवल एक रुपये खर्च करके पंजीकरण कराना होगा। बेली अस्पताल में सीटी स्कैन की अत्याधुनिक मशीन लगाकर एक पूरी यूनिट तैयार की गई है। इस एक मशीन में 32 स्लाइस की सुविधा है यानी शरीर के 32 अलग-अलग भागों के सीटी स्कैन एक ही बार में हो सकेंगे। शनिवार को मंडलायुक्त संजय गोयल ने इस यूनिट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एडी हेल्थ डाक्टर विमलेंदु शेखर भी मौजूद रहे। मंडलायुक्त को सीटी स्कैन यूनिट के बारे में अस्पताल की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर किरण मलिक ने पूरी जानकारी दी। अधीक्षक डाक्टर एमके अखौरी ने भी यूनिट का अधिकारियों को निरीक्षण कराया।
*किसी भी सरकारी अस्पताल से आ सकते हैं मरीज*
अधीक्षक डाक्टर एमके अखौरी ने बताया कि बेली अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन के लिए किसी भी सरकारी अस्पताल के डाक्टर प्रिसक्राइब कर सकते हैं। यानी जिले के किसी भी सरकारी अस्पताल में डाक्टर एक रुपये के पंजीकरण वाले पर्चे पर सीटी स्कैन कराने की सलाह रोगी को दे रहे हैं तो वह रोगी बेली अस्पताल में आकर मुफ्त में अपना सिटी स्कैन इस यूनिट से करा सकेगा।


