मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भी पूर्ण सम्मान का जीवन जीने का अधिकारी

इलाहाबाद। आज विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण इलाहाबाद के तत्वावधान में दिग्गज सिंह सिंगरौर कालेज कालिन्दीपुरम में मानसिक रोगियों के अधिकार से सम्बंधित विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बच्चों को सम्बोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री चन्दमणि ने कहा कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भी पूर्ण सम्मान का जीवन जीने का अधिकारी है और मानसिक रूप से बीमार एवं मानसिक रूप से विकलांग व्यक्तियों के लिए विधिक सहायता प्राप्त करना उनका संवैधानिक अधिकार है और कोई भी मानसिक रोगी विधिक सहायता प्राधिकरण द्वारा विधिक सहायता प्राप्त कर सकता है।

कार्यक्रम की अतिथि वक्ता समाज सेविका नाजिया नफीस ने कहा कि मानसिक रूप से बीमार और मानसिक अशक्तता से ग्रस्त व्यक्ति सभी मानवीय अधिकार और मौलिक स्वतंत्रता के हकदार हैं ।मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति अपने घर परिवार से पृथक हो जाते हैं, यहां तक की स्वस्थ होने के पश्चात भी कई मरीजों को घर वाले नहीं अपनाते।
विकलांग व्यक्तियों के लिए उनके अपने अधिकार है। उसे वे खुद नहीं समझते है परंतु नागरिक उनके अधिकार समझ कर उनकी मदद कर सके इसके लिए सरकार ने बहुत सारे कानून बनाए हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिवक्ता राजेन्द्र श्रीवास्तव, विद्यालय प्रबंधक डॉ. विजय राज सिंह , प्रधानाचार्य एम.एल. मौर्या इत्यादि का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



