इविवि: प्रवेश को सितंबर से ऑनलाइन आवेदन की तैयारी

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रशासन प्रवेश परीक्षा के लिए सितंबर में आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। प्रवेश परीक्षा के आयोजन के लिए 23 अगस्त को एजेंसी फाइनल हो जाएगी और इसके बाद आवेदन की तिथि एवं प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को सभी विश्वविद्यालयों में संयुक्त प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन कोविड के कारण एनटीए परीक्षा के आयोजन को लेकर काफी समय तक कोई निर्णय नहीं ले सका। इससे प्रवेश प्रक्रिया काफी विलंब हो रही है। विश्वविद्यासलय प्रशासन प्रवेश परीक्षा के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू कर चुका था। शिक्षा मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद तय हो गया कि सभी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा विश्वविद्यालय प्रशासन अपने स्तर से कराएगा। अगस्त के पहले हफ्ते में टेंडर के माध्यम से एजेंसी का चयन होना था, लेकिन आवेदनों की संख्या कम होने के कारण टेंडर नहीं खुला। अब 23 अगस्त को टेंडर खुलना है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी का कहना है कि 23 को एजेंसी फाइनल होने के बाद प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि घोषित की जाएगी।




