LatestLetestNewsदेशप्रदेशराष्ट्रीयहाेम

रायबरेली में लगे ‘प्रियंका लापता’ के पोस्टर

रायबरेली।लोकसभा क्षेत्र रायबरेली की कांग्रेस प्रभारी प्रियंका वाड्रा की गुमशुदगी के पोस्टर रविवार रात शहर और ग्रामीण आंचलों में चिपकाए गए हैं। पोस्टर किसने और क्यों चिपकाए, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। रायबरेली संसदीय सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी सांसद हैं और उनकी पुत्री प्रियंका वाड्रा इस सीट पर कांग्रेस की प्रभारी हैं।
सोमवार सुबह शिवगढ़ के ओसाह और भवानीगढ़ चौराहों पर प्रियंका वाड्रा के लापता होने सहित अन्य कई स्लोगन वाले पोस्टर चिपके मिले। इसको लेकर क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बना रहा। बाद में स्थानीय लोगों ने ही पोस्टर फाड़ दिए। बछरावां कस्बे में एक प्राइवेट स्कूल के गेट पर भी पोस्टर चिपके मिले। दोनों क्षेत्रों में एक जैसे दिखने वाले पोस्टर ही लगाए गए हैं। इसके अलावा शहर में भी कई स्थानों पर ऐसे पोस्टर चिपकाए गए हैं।
इसको लेकर कांग्रेस पदाधिकारी खासे नाराज हैं। सोशल मीडिया पर भी पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग संबंधी पोस्ट लिखे जाने लगे हैं। इस प्रकरण में शहर के एक नेता पर शक की सूई घूम रही है। हालांकि, न तो वे सामने आ रहे हैं और न ही कांग्रेस के पदाधिकारी उनका नाम सार्वजनिक कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष वीके शुक्ल ने कहा कि अगर कोई विरोध करना चाहता है तो खुलकर सामने आए। रात में चुपके से पोस्टर चिपकाकर चले जाना, कहां की बहादुरी है। उन्होंने कहा कि रायबरेली के प्रति अटूट स्नेह रखने वाली प्रियंका वाड्रा के खिलाफ पोस्टर चिपकाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रशासन से मांग की गई है।
ये है पोस्टर में
रविवार रात शहर के त्रिपुला चौराहे और हरदासपुर के पास कुछ दीवारों पर प्रियंका वाड्रा के पोस्टर लगे मिले। इनमें जिले में इसी महीने घटी तीन घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रियंका द्वारा पीड़ितों का हालचाल न लेने की बात कही गई है। इसी महीने 10 तारीख को न्यू फरक्का एक्सप्रेस हरचंदपुर में बेपटरी हो गई थी। उसमें सात लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 42 लोग घायल हो गए थे।
इसी घटना के तीसरे दिन ऊंचाहार में मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे परिवार का वाहन बस से जा टकराया था, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद तीसरी घटना में दो अन्य थाना क्षेत्रों में युवकों की डूबकर मौत हो जाने की खबर आई। इन तीनों घटनाओं को पोस्टर में यह कहते हुए दर्शाया गया है कि पीड़ितों की दर्द भरी आवाज प्रियंका वाड्रा तक क्यों नहीं पहुंची। पोस्टर में यह भी कहा गया है कि दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे त्योहारों पर भी प्रियंका द्वारा कोई शुभकामना का संदेश भी नहीं आया है। पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि क्या अब ईद में ही प्रियंका वाड्रा यहां दिखेंगी।
थम नहीं रहा पोस्टर वार
प्रियंका वाड्रा का पोस्टर जिले में चस्पा होने से कांग्रेस में खासी खलबली मची हुई है। जिले में यह पोस्टर वार अरसे से चल रहा है। इससे पूर्व स्थानीय सांसद सोनिया गांधी का पोस्टर चस्पा हुआ था, तो वहीं अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष एवं वहां के सांसद राहुल गांधी के पोस्टर लगाए गए थे। कांग्रेस इसके लिए भाजपा को सीधे निशाने पर लेती रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button