जमीन और अपराध में संलिप्त माफिया व उनसे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही- एसपी क्राइम सतीश चंद्र

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिले के भू-माफिया, अपराधी माफिया, शराब माफिया और खनन समेत अन्य माफिया की सूची एक बार फिर से अपडेट की जाएगी। पुलिस ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। खासकर माफिया के उन गुर्गों और करीबियों को चिह्नित किया जा रहा है, जिनके खिलाफ हाल फिलहाल में मुकदमे दर्ज हुए हैं। ताकि गिरोह में उनका भी नाम शामिल करके आगे की कार्रवाई हो।पुलिस अधिकारियों का कहना बालू खनन का पट्टा होने के बाद इससे जुड़े माफिया भी सक्रिय हो गए हैं। ऐसे में उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी है। कहा जा रहा है कि पूर्व में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की जाएगी, जिससे सभी के विरुद्ध कानूनी शिकंजा कसा जा सके।बीते वर्ष पुलिस ने कुल 60 माफिया की सूची बनाई थी। इसमें पूर्व सांसद अतीक अहमद, पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्रा, पार्षद बच्चा पासी, हिस्ट्रीशीटर राजेश यादव का नाम प्रमुख था। अपराध के जरिए अर्जित की गई इनकी अचल संपत्तियों को कुर्क करने के साथ ही ढहाने की कार्रवाई की गई थी। मगर पुलिस की कार्रवाई धीमी पडऩे के बाद माफिया से जुड़े तमाम गुर्गे फिर से सक्रिय हो गए हैं।धूमनगंज, करेली और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के कुछ गुर्गे जमीन की अवैध तरीके से प्लाटिंग कर रहे हैं। इसके अलावा कुछ रंगदारी मांगने और जमीन पर अवैध कब्जा करने का भी काम कर रहे हैं। दो के खिलाफ पिछले माह मुकदमे लिखे गए थे।कुख्यात गोतस्कर और कौडि़हार ब्लाक के ब्लाक प्रमुख मुजफ्फर के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा कायम होने के बावजूद अचल संपत्ति कुर्क नहीं हो सकी है। जबकि करीब अलग-अलग स्थान पर करोड़ों रुपये की नौ संपत्ति चिह्नित कर उसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को भेजी गई थी।एसपी क्राइम सतीश चंद्र कहते हैं कि जमीन और अपराध में संलिप्त माफिया व उनसे जुड़े लोगों के बारे में ताजा जानकारी जुटाई जा रही है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।




