जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न

लापरवाही पाये जाने पर पांच प्रभारी चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने का निर्देश- जिलाधिकारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री की अध्यक्षता में गुरूवार को संगम सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित उनके स्टाॅफ को निर्देशित किया कि मरीज तथा उनके परिजनों के साथ व्यवहार अच्छा करें। उन्होंने कार्यों में लापरवाही पाये जाने पर पांच प्रभारी चिकित्साधिकारी, सोरांव, बहादुरपुर, हण्डिया, माण्डा तथा होलागढ़ का वेतन रोकने का निर्देश के साथ-साथ सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को एक सप्ताह में कार्यों में सुधार लाने का निर्देश दिया है। बी0एच0आई0आर0 रजिस्टेªशन का कार्य चार दिनों में पूर्ण कराये जाने के लिए कहा है। यदि कार्य 4 दिनों में नहीं पूर्ण होता है, तो डीसीपीएम श्री अशफाक के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये है। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना, परिवार कल्याण कार्यक्रम, नियमित टीकाकरण, आरसीएच पोर्टल पर पंजीकरण एवं अपडेशन के कार्यों की समीक्षा की तथा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को एक सप्ताह में कार्यों में सुधार लाये जाने के निर्देश दिये है। जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सालयों में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरूस्त बनाये रखने के लिए कहा है। उन्होंने खराब उपकरणों को ठीक कराने के निर्देश दिये है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जैसेे महत्वपूर्ण विभाग के कार्यों में लापरवाही या उदासीनता कत्तई क्षम्य नहीं होगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शिपू गिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी नानक सरन, अपर मुख्य चिकित्साधिकारीगणों के अलावा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारीगण तथा अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



