देश

लापता बुजुर्ग का एक सप्ताह बाद भी कोई सुराग नहीं

घरवालों ने पुलिस से मदद मांगी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गोविंदपुर कॉलोनी से लापता हुए आईटीआई के रिटायर्ड कर्मचारी हरीश चंद्र पांडे का एक सप्ताह बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। घरवालों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हर संभावित ठिकानों पर उनकी तलाश की लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है। गोविंदपुर निवासी श्री हरीश चंद्र पांडे 22 अप्रैल की रात को 8:30 बजे घर से टहलने के लिए निकले, उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है।
उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट शिवकुटी थाने में दर्ज करा दी गई है। 68 वर्षीय श्री पांडे की अंतिम लोकेशन वाराणसी में दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट पर पाई गई। इससे पूर्व वह सीसीटीवी फुटेज में सिविल लाइंस प्रयागराज के बस अड्डे के समीप देखे गए थे। घर वालों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर काफी खोजबीन की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका है। उनकी पत्नी श्रीमती नीमा पांडे ने बताया कि घर से निकलते वक्त उनकी मानसिक स्थिति एकदम ठीक थी तथा घर में किसी प्रकार का वाद विवाद भी नहीं हुआ था। उनके सभी बच्चों की शादी हो चुकी है तथा वह अपने परिवार के साथ सेटल्ड हैं। श्री पांडे गोविंदपुर कॉलोनी में अपनी पत्नी के साथ रहते हैं।श्री पांडे के अचानक बिना बताए लापता हो जाने से घरवालों का बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि श्री पांडे का शीघ्र पता लगाया जाए। उधर प्रयागराज के पर्वतीय समाज ने भी श्री पांडे के अचानक लापता होने पर चिंता व्यक्त की है तथा उनके शीघ्र सकुशल वापस आने की कामना की है।

Related Articles

Back to top button