सपा ने यूपी को विकास और रोजगार का मॉडल दिया, भाजपा ने बर्बाद किया:अखिलेश

बाबा मुख्यमंत्री विकास के साथ-साथ अल्पसंख्यकों के भी दुश्मन
(अनुराग शुक्ला ) लखनऊ (अनुराग दर्शन समाचार ) । सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को विकास और रोजगार का मॉडल दिया था। लखनऊ में आईटी सिटी की स्थापना की, अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय स्टेडियम दिया, एक्सप्रेस वे बनाया, पार्क, कैंसर इंस्टीट्यूट दिया। भाजपा सरकार ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। प्रदेश को पीछे धकेल दिया है। भाजपा राज में हर वर्ग अपमानित और प्रताडि़त किया जा रहा है। सभी लोग बदलाव चाहते हैं, अब नए वर्ष में प्रदेश में बदलाव होगा। अखिलेश यादव ने रविवार को समाजवादी विजय रथ यात्रा के दसवें चरण में आईटी सिटी चकगंजरिया से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के किनारे महुराकला गांव में नवनिर्मित भगवान परशुराम के मंदिर तक यात्रा की। इस दौरान रास्ते भर भारी जनसमुदाय ने जोश और उत्साह के साथ स्वागत किया। उन्होंने आईटी सिटी चकगंजरिया, रोहतास के मैदान और करीमपुर में विशाल जनसभाओं को सम्बोधित किया। अमूल दुग्ध प्लांट के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने झण्डे बैनर और पोस्टर के साथ स्वागत किया। सपा अध्यक्ष ने जनसभाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नए साल में समाजवादियों ने संकल्प लिया है कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर 300 यूनिट घरेलू बिजली फ्र ी होगी और किसानों को सिंचाई पूरी तरह से मुफ्त होगी। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी किसानों की मदद करना चाहती हैं। किसान अन्नदाता है। देश का पेट भरता है। किसानों ने कोरोना काल में देश की अर्थव्यवस्था बचाने का काम किया। भाजपा सरकार ने किसानों को अपमानित किया। काले कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन में सात सौ से ज्यादा किसान शहीद हो गए। किसान भाजपा सरकार के अन्याय और अत्याचार को कभी नहीं भूल सकता है। भाजपा के लोगों ने किसानों की जीप से कुचलवा कर हत्या करा दी।
अखिलेश ने कहा कि बाबा मुख्यमंत्री विकास के साथ-साथ अल्पसंख्यकों के भी दुश्मन हैं। यूपी विधानसभा में एंग्लो इंडियन के लिए एक सीट रिजर्व थी, बाबा मुख्यमंत्री ने उसे खत्म कर दिया। जैन समाज मेहनती है, अल्पसंख्यक है। उसकी जनसंख्या पचास लाख ही होगी। भाजपा सरकार उन पर छापे डलवा रही है। प्रताडि़त करा रही है। भाजपा नहीं चाहती कि जैन समाज आगे बढ़े और विकास करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। नौजवानों को रोजगार और नौकरी नहीं मिली। भाजपा सरकार की गलत नीतियों से व्यापार नहीं बढ़ पा रहा है। महंगाई बहुत बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश हर आंकड़े में पीछे दिखाई दे रहा है। स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश पीछे चला गया है।




