पुलिसकर्मियों के नाम पर होंगी सड़कें

कानपुर के बिकरू गांव में मुठभेड़ में हुए थे शहीद
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । अलग-अलग घटनाओं में शहीद सेना व पुलिस जवानों के नाम पर भी सड़क होगी। इसी क्रम में कानपुर के बिकरू गांव में मुठभेड़ में शहीद पुलिसकर्मियों के नाम पर भी सड़कों का नामकरण किया जाएगा। शासन की मंजूरी के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अब आगे की प्रक्रिया में जुट गया है। प्रयागराज की दो सड़कें शहीदों के नाम पर होंगी। कश्मीर के पुलवामा में शहीद प्रयागराज निवासी सेना के जवान महेश कुमार यादव के नाम पर टूडिहार से रामचन्द्र पुरा तक 1.60 किमी लंबे संपर्क मार्ग का नामकरण किया जाएगा।
जुलाई के पहले सप्ताह में कानपुर के बिकरू गांव में कुख्यात अपराधी विकास दुबे से मुठभेड़ में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे। शासन ने उनके गांव की सड़क का नाम शहीदों के नाम करने का निर्णय लिया है। प्रयागराज के हंडिया निवासी उपनिरीक्षक नेबूलाल ने बिकरू में प्राणों का बलिदान दिया था। एनएच भीटी से गुप्ता बस्ती होते हुए कान्तापुर संपर्क मार्ग का नाम शहीद नेबूलाल मार्ग करने की मंजूरी दी है। यह मार्ग दो किलोमीटर का होगा।
इस मुठभेड़ में प्रतापगढ़ के मानधाता के बेलखरी निवासी उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह की गोलियां लगने से मौत हो गई थी। अब बेलखरी से टिकरी के करीब एक किलोमीटर मार्ग का नाम शहीद अनूप कुमार सिंह मार्ग होगा। वहीं बिल्हौर के शहीद सीओ देवेंद्र मिश्र के नाम पर बांदा जिले के सहेमा संपर्क मार्ग होगा। दो किलोमीटर लंबाई वाले इस मार्ग को अब शहीद देवेंद्र मिश्र मार्ग नाम से जाना जाएगा।
बिकरू मुठभेड़ में शहादत देने वाले सिपाही सुल्तान सिंह झांसी के रहने वाले थे। उनके सम्मान में 0.545 किमी का भोजला संपर्क मार्ग का नामकरण शहीद सुल्तान सिंह के नाम पर होगा। मथुरा के सिपाही जितेंद्र पाल के नाम पर एक किमी लंबाई वाले बरारी फीडर मार्ग के नामकरण को सहमति दी है। सिपाही बबलू कुमार के नाम पर फतेहाबाद-रिहावली मार्ग के नामकरण की मंजूरी दी है। वहीं, एसओ महेश कुमार यादव के नाम पर उनके गांव रायबरेली के वनपुरवा में छह सौ मीटर वाले संपर्क मार्ग को पहचाना जाएगा।



