लखनऊ । केंद्र के साथ उत्तर प्रदेश के तमाम प्रयास के बाद भी सूबे में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। शनिवार के बाद रविवार को भी सात संक्रमित मिले हैं। अब प्रदेश में इनकी संख्या 72 पहुंच गई है। जिनमें 32 नोएडा से हैं। इससे पहले शनिवार को नोएडा में संक्रमितों की संख्या 27 थी।
रविवार को नोएडा में पांच तथा वाराणसी व बरेली में एक-एक संक्रमित मिला है। प्रदेश में नोएडा में 32, आगरा में 10, लखनऊ में आठ, गाजियाबाद तथा मेरठ में पांच-पांच, वाराणसी में तीन व पीलीभीत में दो संक्रमित हैं। लखीमपुर खीरी, बागपत, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, जौनपुर व शामली के एक-एक मरीज शामिल हैं। यूपी में पिछले 22 दिनों में 65 मरीज सामने आ चुके हैं। इस तरह अभी तक 14 जिलों में कोरोना वायरस अपना पांव पसार चुका है। शनिवार को 133 संदिग्ध मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। संक्रामक रोग विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ विकास इंदु अग्रवाल ने ने बताया कि नोएडा में 23 संक्रमित एक निजी कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी हैं। इस कंपनी का एक अधिकारी बीते दिनों यूनाइटेड किंगडम (यूके) की यात्रा कर लौटा था और उसमें कोरोना वायरस के लक्षण पाए गए थे।
दूसरी ओर कोरोना वायरस से संक्रमित अब तक कुल 14 मरीजों को स्वस्थ घोषित कर अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। जो मरीज स्वस्थ घोषित हुए हैं उनमें आगरा के सात, नोएडा के चार, गाजियाबाद के दो व लखनऊ का एक मरीज शामिल है। 2127 की रिपोर्ट निगेटिव, 52 की आना बाकी अभी तक कोरोना वायरस के संदिग्ध की जांच कराई जा चुकी है। इसमें से 2171 संदिग्ध की रिपोर्ट निगेटिव आई है यानी इनमें कोरोना वायरस नहीं पाया गया। वहीं 52 मरीजों की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है। आरआरटी ने एक दिन में 10 हजार संदिग्ध किए चिन्हित स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी ) व डब्ल्यूएचओ की टीम ने शनिवार को 10 हजार से अधिक ऐसे लोगों को चिह्नित किया जो चीन सहित कोरोना वायरस प्रभावित देशों की यात्रा कर लौटे हैं। इन्हें कम से कम 28 दिन के होम क्वारंटाइन में रखने को कहा गया है । अभी तक करीब 50040 ऐसे लोग चिह्नित किए जा चुके हैं जो चीन या कोरोना प्रभावित दूसरे देशों की यात्रा कर वापस लौटे हैं।




