प्रदेश

नयागांव रपटा से बूड़े हनुमान तक गंदगी से कराह रही मंदाकिनी

 

चित्रकूट ( अनुराग दर्शन समाचार ) नयागांव रपटा से बूड़े हनुमानजी मंदिर तक मंदाकिनी नदी गंदगी से कराह रही है। करोड़ों की लागत से बने रामघाट विस्तारीकरण के तहत बने घाट भी गंदगी से बेकार हो गये हैं। सोमवती अमावस्या के पूर्व घाटों की सफाई कराने की मांग जिलाधिकारी से की गई है। मंगलवार को बुन्देली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि नयागांव रपटा से बूड़े हनुमानजी मंदिर तक लगभग 130 मीटर लंबा नया घाट कुछ वर्षों पहले ही बना है। इस नये घाट में अक्सर गंदगी का साम्राज्य रहता है। इससे यह घाट बेकार हो गया है। पानी में जलीय चारे और गंदगी का कब्जा है। पन्नालाल घाट में किसी समय सैकड़ों लोग सुबह शाम डुबकी लगाते थे। इसी घाट में सीवर की गंदगी महीनों पहले गिरती थी। उसी गंदगी और मलबे से लोगों ने नदी के घाट का प्रयोग बंद कर दिया है। अजीत सिंह ने जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल से कर्वी नगर के इंटेकवेल में कराई सफाई की सराहना की है। अनुरोध किया है कि नयागांव रपटा से बूड़े हनुमान मंदिर तक भी सफाई कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button