
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जेष्ठ मास के दूसरे मंगलवार पर हनुमान मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ जुटी। सुबह से मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के चरणों में मन्नतों को मांगी । उन्हें प्रसन्न करने के लिए फल-फूल, मिष्ठान, तुलसी की पत्ती, लाल सिंदूर व पताका अर्पित कर पूजन किया। बांध स्थित बड़े हनुमान जी को निशान चढ़ाने के लिए भीड़ जुटी। बैंडबाजा के साथ नृत्य करते हुए भक्त मंदिर पहुंचे।
बड़े हनुमान मंदिर में मंगलवार की सुबह मंत्रोच्चार के बीच हनुमान जी का अभिषेक और पूजन हुआ। शाम को रत्नजड़ित आभूषणों से श्रृंगार कर श्रीमठ बाघम्बरी गद्दी के पीठाधीश्वर श्रीमहंत बलवीर गिरि के नेतृत्व में आरती उतारी जाएगी। मंदिर के व्यवस्थापक अमर गिरि के संयोजन में संतों व श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की स्तुति की। महंत बलवीर गिरी महाराज ने कहा कि जेष्ठ मास के मंगलवार पर स्तुति होने से हनुमान जी जल्द प्रसन्न होते हैं। जेष्ठ मास के दूसरे मंगलवार पर जगह-जगह भंडारा का आयोजन हुआ। बड़े हनुमान मंदिर में भंडारा व भक्तों के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई। पांव नहीं झुलसे, उसके लिए कालीन बिछाई गई।



