शांतिपूर्ण निर्वाचन में सहयोग के लिए मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने किया धन्यवाद
प्रयागराज। प्रयागराज में लोकसभा सामान्य निर्वाचन-2019 सकुशल एवं शान्तिपूर्वक सम्पन्न हो गया। प्रयागराज जनपद के तीनों लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों का 51 फूलपुर, 52 इलाहाबाद एवं 78 भदोही (आंशिक) में शांतिपूर्वक मतदान एवं मतगणना सम्पन्न हो जाने के लिए मण्डलायुक्त प्रयागराज डाॅ0 आशीष कुमार गोयल एवं जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री भानुचंद्र गोस्वामी ने प्रयागराज की जनता, सभी राजनीतिक दलों एवं निर्वाचन ड्यूटी में लगे सभी कार्मिंकों एवं अधिकारियों को इस शांतिपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया के सकुशल सम्पन्न कराने में उनके अमूल्य सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।
इस निर्वाचन प्रक्रिया में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री भानुचंद्र गोस्वामी ने प्रेक्षकगणों के पर्यवेक्षण में एक सजग एवं सतर्क निर्वाचन तंत्र का निर्माण एवं उसका संचालन प्रयागराज में पूरा कराया। जिसके चलते 12 मई, 2019 को प्रयागराज में मतदान एवं 23 मई को मतगणना अत्यंत शांति एवं सद्भाव के वातावरण में सम्पन्न हो गये। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समेत निर्वाचन तंत्र के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रयागराज प्रशासन की निर्वाचन व्यवस्था को शांतिपूर्वक निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न हो जाने को एक बड़ी उपलब्धि के रूप में अनुभव किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वी0एस0 दूबे ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए मतगणना स्थल को हर संसाधन से युक्त करते हुए कड़ी सुरक्षा में रखा गया था। 12
विधानसभाओं के मतगणना परिसर अलग-अलग बनाये गये थे। विधानसभावार मतगणना स्थलों में 51-फूलपुर संसदीय क्षेत्र की 5 विधानसभाओं इलाहाबाद पश्चिमी, इलाहाबाद उत्तरी, फाफामऊ, सोरांव और फूलपुर के साथ 52-इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र के मेजा, करछना, बारा, कोरांव एवं इलाहाबाद दक्षिणी विधान सभा के मतगणना पण्डालों में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के पण्डाल के लिए सहा0 निर्वाचन अधिकारी तैनात थे, जिनके द्वारा प्रत्येक चरण के मतगणना का परिणाम सम्बन्धित लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के आर0ओ0 कार्यालय को निरंतर प्रेषित किया जाता रहा।
यही व्यवस्था 78-भदोही आंशिक संसदीय क्षेत्र की दो विधानसभाओं प्रतापपुर एवं हण्डिया के मतगणना पण्डालों के लिए भी की गयी थी। इस प्रकार कुल 12 पण्डालों में मतगणना का कार्य पूरा किया गया। मतगणना स्थल पर पीने के पानी, शौचालय और चिकित्सा के व्यापक प्रबन्ध किये गये थे। चिकित्सकों का एक दल निरंतर जीवन रक्षक औषधियों के साथ उपस्थित रहा। प्रत्येक आर0ओ0 कार्यालय में सूचनाओं का संकलन करते रहने के लिये एन0आई0सी0 की टीम कार्यरत थी।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रत्याशियों की मौजूदगी में उनके समक्ष स्ट्रांगरूम की सील खोल कर मतगणना का कार्य प्रातः 08ः00 बजे से प्रारम्भ किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। सांय समस्त सभी चक्रों की मतगणना निर्विघ्न पूरी हो जाने के उपरांत जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतगणना का परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 51-फूलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती केशरी देवी पटेल एवं 52-इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती रीता बहुगुणा जोशी को विजयी घोषित किया गया। मतगणना कार्य के दौरान प्रेक्षकगण मतगणना स्थलों का भ्रमण करते रहे तथा दोनों संसदीय क्षेत्रों में आर0ओ0 कार्यालयों में बैठकर परिणामों का परिवेक्षण करते रहे।





