मथुरा के इस करोडी मेला की व्यवस्था करती हैं तीन राज्यों की सरकारें

आठ से 15 जून तक गोवर्धन पर्वत की तलहटी में शिखर पर होगा आस्था का उत्सव
कोरोना के चलते दो साल बाद अपनी पूरी क्षमता से लगेगा मेला
*जिला प्रशासन मुडिया मेला को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा*
मथुरा ( अनुराग दर्शन समाचार ) आठ से 15 जून तक गोवर्धन पर्वत की तलहटी में आस्था का सैलाब उमडेगा। हजारों नहीं लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुचेंगे। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा और राजस्थान की सरकारें भी मेला को लेकर अपना सहयोग देते हैं। करोडी मेला के नाम से विख्यात मुडिया मेला में कोरोना काल के चलते दो साल बाद आस्था का उत्सव अपने पूरे चरम पर होगा। जिला प्रशासन मेला की तैयारियों में जुट गया है जिससे यहां पहुंचने वाले देशी विदेशी श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने कलेक्ट्रेट सभागार में मुड़िया पूनो मेला आठ से 15 जुलाई तक तथा गंगा दशहरा 10 जून की व्यवस्थाओं के संबंध में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली। यह उत्तर भारत का प्रमुख मेला है। जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा करने आते हैं। इस मेले में राजस्थान एवं हरियाणा सरकार का सहयोग रहता है। डाॅ. भूदेव सिंह ने बताया कि 15 स्थानों पर कैम्प लगाये जायेंगे, विभिन्न स्थानों पर 12 डॉक्टरों की तैनाती की जाएगी तथा 12 एम्बुलेंस एवं मोटर साइकिल एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से कहा कि मेला हेतु 1500 बसों की व्यवस्था की जाए और बसों के मार्गों को पहले से ही चयनित किया जाये, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से कहा कि परिक्रमा मार्ग में चेकिंग करते रहें।
*छह जोन में बांटा गया है पूरा मेला क्षेत्र*
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा थाना प्रभारियों को निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि मेला क्षेत्र को छह जोन में बांटा गया है, जिसमें 90 वाॅच टावर, 44 पार्किंग स्थल, छह खोया पाया केंद्र, 83 सीसीटीवी कैमरे, विभिन्न स्थानों पर अस्थाई पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने पार्किंग के लिए स्थान चयनित कर लिये गये हैं तथा शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। 350 स्पीकर लगाये जा रहे हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. नितिन गौड़, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दूबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानन्द पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक यातायात हरेन्द्र कुमार, ओएसडी क्रांति शेखर सिंह, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, तहसीलदार, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, नगर निगम, ब्रज तीर्थ विकास परिषद सहित आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।
*गंगा दशहरा को लेकर विशेष व्यवस्था*
जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा की व्यवस्था चाक बंद करने के निर्देश दिये और नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि मंदिरों के आस-पास साफ सफाई, पानी के अंदर बैरीकेटिंग का कार्य, कंट्रोल रूम, चेंजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे तथा मोटर बोट की व्यवस्था की जाये। गोताखोर एवं पुलिस लगातार गश्त करती रहे तथा सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जाये। सिंचाई विभाग से कहा कि पानी की सफाई करा ली जाये तथा बैराज को इस तरह से खोला जाये कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। मन्दिरों के आस पास खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी निरंतर चेकिंग करते रहें।



