परीक्षा में पकड़ा गया सॉल्वर गायब
परीक्षा केंद्र से पुलिस ने हिरासत में लिया, लेकिन थाने नहीं पहुंचा
पूरे मामले में एसीपी ने बैठाई जांच
कानपुर ( अनुराग दर्शन समाचार ) । शहर में रावतपुर थाने की पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। आवास विकास कल्याणपुर के अनजिप टेक्नोलॉजी इंस्टिट्यूट से एक सॉल्वर को मंगलवार दोपहर में दबोचकर रावतपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया। मगर, वह थाने तक नहीं पहुंचा। पुलिस ने साठगांठ करके रास्ते में ही उसे छोड़ दिया। थानाध्यक्ष और एसीपी ने किसी भी सॉल्वर की गिरफ्तारी से इनकार किया है। इसके साथ ही पूरे मामले में एसीपी ने जांच बैठा दी है।
सॉल्वर को सुपुर्दगी में लेने की घटना सीसीटीवी में है कैद
केंद्र प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को एसएससी एमटीएस परीक्षा में प्रवेश के दौरान एक अभ्यर्थी का फोटो मिलान नहीं हो रहा था। उसे दबोचकर सख्ती से जांच-पड़ताल की गई, तो उसने बताया कि उसका नाम अभिषेक राय है और वह गाजीपुर असावर गांव का रहने वाला है। जांच में पता चला कि वह लवकुश प्रजापति की जगह परीक्षा देने आया था।
इसके बाद सूचना पर रावतपुर थाने से पहुंचे दरोगा दुर्गेश और पवन के हवाले उसे कर दिया। वहीं देर शाम मामले में थानाध्यक्ष अमान सिंह से बात की, तो उन्होंने किसी भी सॉल्वर के पकड़े जाने से इनकार कर दिया।
परीक्षा केंद्र प्रभारी ने दावा किया है कि उनका सेंटर सीसीटीवी से लैस है। उनके पास सॉल्वर को पुलिस के सुपुर्द करने का सीसीटीवी फुटेज भी है। एसीपी कल्याणपुर दिनेश शुक्ला ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर दरोगा ने गड़बड़ी की होगी, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
*10 दिन पहले भी परीक्षा देते पकड़ा गया था सॉल्वर*
अनजिप सेंटर के प्रभारी ने बताया कि उनकी जांच में यह बात भी सामने आई है कि सॉल्वर अभिषेक राय 10 दिन पहले श्याम नगर के एमपी इंफोटेक सेंटर से ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए नकल करते हुए पकड़ा गया था। केंद्र प्रभारी ने उसे दबोचकर चकेरी थाने के हवाले कर दिया था। दस दिन के भीतर ही वह बाहर कैसे आ गया और फिर से सॉल्वर बनकर दूसरे की परीक्षा में कैसे बैठ गया। उन्हें शक है कि सांठगांठ करके वह पहले भी पुलिस के हाथ से छूटा और दोबारा परीक्षा देने अनजिप टेक्नोलॉजी सेंटर में बैठ गया था।



