प्रदेशसंत समागम

श्रावणी अमावस्या में श्रद्धालुओं का उमडा सैलाब

चित्रकूट (अनुराग दर्शन समाचार )। श्रावणी/हरियाली अमावस्या पर्व पर तीर्थक्षेत्र में पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का सैलाब उमडा। रामघाट से लेकर कामतानाथ परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड देखने को मिली। पीलीकोठी मार्ग पर दो घंटे तक जाम लगा रहा। इससे श्रद्धालुओं को खासी परेशानी का सामना करना पडा। गुरुवार को श्रावणी/हरियाली अमावस्या पर श्रद्धालुओं के सैलाब ने मन्दाकिनी में स्नान कर मत्स्यगयेन्द्रनाथ मन्दिर में जलाभिषेक किया। भरत मन्दिर के महंत दिव्यजीवनदास ने बताया कि कोरोना काल के बाद पहली बार अमावस्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड देखने को मिली है। भीड को देखते हुए उप्र व मप्र प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किये हैं। उप्र-मप्र के कई जिलों से श्रद्धालु कामतानाथ की परिक्रमा कर मन्नत मांगते हैं।

एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, सदर एसडीएम पूजा यादव, सीओ सिटी शीतला प्रसाद पाण्डेय ने सवेरे से रामघाट व परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्धों की जांच को एलआईयू व डाग स्क्वायड टीम ने भीड-भाड के इलाके में भ्रमण कर जायजा लिया। पार्किंग व्यवस्था न होने से श्रद्धालु जगह-जगह भटकते दिखे। भीड-भाड को देखते हुए यूपीटी तिराहा सीतापुर से रामघाट व पीलीकोठी से कामतानाथ मन्दिर की ओर जाने वाले रास्ते में वाहनों का प्रवेश वर्जित कर दिया गया था। भीड-भाड के चलते रामघाट, कामतानाथ मन्दिर, खोही बजरिया में दो महिलाओं की सोने की चैन चोरों ने पार कर दी है। इन लोगों ने सीतापुर चैकी व मप्र थाने में शिकायत की है।

Related Articles

Back to top button