
योगी सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि फैसला राहुल गांधी के मुंह पर तमाचा है. राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए.
प्रयागराज। बीते दिनों देश में राजनैतिक तूफान खड़ा करने वाले राफेल डील पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद जहां सत्तारूढ़ बीजेपी को राहत मिली है, वहीं कांग्रेस को एक तगड़ा झटका लगा है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में राफेल डील को देश की जरूरत करार देते हुए जांच सहित सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया. जिसके बाद हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त से निराश बीजेपी अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमलावर है.
योगी सरकार के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि फैसला राहुल गांधी के मुंह पर तमाचा है. राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. श्रीकांत शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी खुद पूरी तरह से भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं. उन्होंने कहा 5 हजार करोड़ के हेराफेरी में राहुल गांधी 50 हजार के मुचलके की जमानत पर रिहा चल रहे हैं. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सरकार में वित्त मंत्री रहे चिदंबरम का बेटा पहले ही जेल जा चुका है. राहुल ने राजनैतिक द्वेष की भावना से देश के पीएम नरेंद्र मोदी पर कीचड़ उछाला है. राहुल ने अपने स्वार्थों के लिए दुनिया भर में देश की छवि को खराब किया.
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की टाइमिंग पर भी सवाल उठाया. श्रीकांत शर्मा नें कहा इस मामले पर पहले ही सुनवाई पूरी हो चुकी थी. लेकिन फैसला विधानसभा चुनाव बाद क्यों आया यह एक यक्ष प्रश्न है. हालांकि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट पर किसी भी तरह की टिप्पणी से इनकार किया.



