Prayag Kumbh : कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहचान पत्र रखना हुआ अनिवार्य

प्रयागराज। इस बार कुंभ मेले आने वाले श्रद्धालुओं को अपने साथ पहचान पत्र भी रखना होगा। साधु-संतों के शिविरों समेत प्रयागवाल तीर्थ पुरोहितों के शिविरों में रहने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों का पूरा रजिस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
मेले में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से उन्हीं कल्पवासियों का राशन कार्ड बनेगा, जिनके पास फोटो और आइडी होगी।
कुंभ मेले आने वाले हर श्रद्धालुओं की पहचान रहे, इसका प्रयास किया जा रहा है। मेला सुरक्षा को लेकर प्रशासन काफी सख्त है। इसलिए प्रशासन ने मेला में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य किया है।
राशन कार्ड भी नहीं बनेगा
वैसे यह कैसे होगा, यह बड़ा सवाल है, क्योंकि बड़ी संख्या में महिलाएं भी कल्पवास के लिए आती हैं। उनके पास पहचान पत्र जैसी कोई चीज नहीं होती। मेला प्रशासन ने कल्पवासियों के राशन कार्ड के लिए भी आइडी अनिवार्य की है। इसके लिए उन्हें दो फोटो भी देना होगा।
जिन कल्पवासियों के पास यह नहीं होगा,उनका राशन कार्ड भी नहीं बन सकेगा। एडीएम (मेला) दिलीप त्रिगुनायत का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से आइडी अनिवार्य की गई है।
साधु-संतों और प्रयागवाल तीर्थ पुरोहितों के शिविरों में आने वाले कल्पवासियों का नाम, पता भी दर्ज हो, इसके लिए भी रजिस्टर तैयार करने के लिए कहा जा रहा है।
कुंभ बाद बनेगा रिंग रोड और सिक्स लेन पुल
प्रयागराज में रिंग रोड, फाफामऊ गंगा नदी पर सिक्स लेन पुल समेत स्वीकृत हो चुकी परियोजनाओं पर कुंभ मेला के बाद काम शुरू होगा।
ये बातें रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात, चाय के साथ कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने देश के साथ प्रयागराज के विकास का जो बीड़ा उठाया है, उस पर तेजी से काम हो रहा है।
झलवा स्थित जीनियस इंटर कॉलेज में कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद डिप्टी सीएम ने कहा कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए नए कार्य प्रारंभ नहीं किए जा रहे हैं। इस बार के मेले में दुनिया भारत की संस्कृति का दर्शन करेगी।



