शिवकुटी में सड़क बनने पर हर्ष की लहर
पूर्वांचल विकास निधि से क्षेत्रीय विधायक ने कराया कार्य
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। गोविंदपुर सब्जी मंडी और शिवकुटी मंदिर को जोड़ने वाली सड़क से लगायत ज्ञान बालू वाली गली के दिन अब बहुरने वाले हैं। पिछले कई वर्षों से शिवकुटी मोहल्ले के लोगों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक ने अपनी पूर्वांचल विकास निधि से सड़क निर्माण का कार्य कराया है।
पिछले दो दशक से लंबित सड़क निर्माण की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही थी लेकिन कई सरकारें आई और गई, मोहल्ले वालों को आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। जिससे लोग अपनी किस्मत पर आंसू बहा रहे थे। लेकिन स्थानीय समाजसेवी श्री शिव मोहन सिंह भदौरिया ने आस नहीं छोड़ी और लगातार दो दशकों से सड़क निर्माण के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाते रहे।
गत वर्ष जब प्रयागराज में महाकुंभ आयोजित था तभी शहर उत्तरी क्षेत्र के युवा विधायक श्री हर्षवर्धन बाजपेई के समक्ष श्री भदौरिया ने ज्ञान बालू वाली गली में सड़क मार्गकी दुर्दशा का जिक्र किया। क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर क्षेत्रीय विधायक श्री बाजपेई ने तुरंत अपनी पूर्वांचल विकास निधि से उक्त गली के सड़क निर्माण का कार्य कराने का भरोसा दिलाया। बताते हैं कि श्री भदौरिया ने शिवकुटी वार्ड के सभासद श्री कमलेश तिवारी के साथ क्षेत्रीय विधायक श्री बाजपेई से पुनः मिलकर उक्त कार्य में तेजी लाने की मांग की। जिस पर गली में सड़क निर्माण का कार्य ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपा गया। अभियंत्रण विभाग के अभियंता श्री लालता प्रसाद के निर्देशन में सड़क निर्माण का कार्य पूर्णता की ओर है। क्षतिग्रस्त नालियों के पुनर्निर्माण के साथ ही इंटरलॉकिंग का कार्य चल रहा है। गली में सड़क निर्माण कार्य की प्रगति पर लोगों में हर्ष की लहर है।
श्री भदौरिया बताते हैं कि शिवकुटी का यह क्षेत्र वीआईपी क्षेत्र माना जाता है। इसी मार्ग पर प्रसिद्ध शिवकुटी मंदिर स्थित है, जहां हर साल सावन में हजारों अनुयाई भगवान शिव का जलाभिषेक करने जाते हैं। वहीं कोटेश्वर महादेव मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है। उक्त मार्ग के जीर्णोद्धार से स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सड़क निर्माण पूर्ण होने पर राम सरदार शुक्ला, स्नेहिल, राजेंद्र,सात्विक भदौरिया, आकाश, अशोक सिंह,डॉ अनिल भदौरिया, धीरेंद्र सिंह, जितेंद्र शुक्ला, श्रेयांश भदौरिया, पिंटू तिवारी एवं राहुल कुमार आदि ने शहर उत्तरी के विधायक श्री हर्षवर्धन बाजपेई, क्षेत्रीय सभासद श्री कमलेश तिवारी एवं ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।


