प्रयागराज। औरैया जिले में कोरोना वायरस से लड़ने की जंग में नई-नई तस्वीरें सामने आ रही हैं। बिधूना तहसील के नविमोहन ग्राम पंचायत की महिला प्रधान सीमा देवी ने गांव में कर्फ्यू लगा दिया है। गांव वासियों के साथ मिलकर प्रधान ने सभी रास्तों को सील करवा दिया है जिससे बाहर से लोग उनके गांव में न आ सकें।विज्ञापनग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की मदद से पोस्टर लगाकर बाहर से आने वाले लोगों का गांव में आना प्रतिबंधित कर दिया है। महिला ग्राम प्रधान सीमा देवी के इस कार्य की चारों तरफ जमकर सराहना हो रही है। ग्राम प्रधान ने कहा कि सभी व्यक्ति स्वस्थ व सुरक्षित रहेंगे तभी रिश्तेदारी व दोस्ती भी काम आएगी।
गांव में बाहरी व्यक्तियों का आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। गांव के सभी रास्तों को बकायदा बंद कर दिया गया है। कोई भी बाहरी व्यक्ति गांव में प्रवेश न कर पाए, इसके लिए सभी मार्गों पर सार्वजनिक सूचना भी चस्पा कर दी गई है।इसके साथ ही कोई भी ग्रामीण अनावश्यक कार्य से घर से बाहर न निकले। इसका भी प्रबंध किया गया है। प्रधान ने सूचना जारी कर कहा कि अगर कोई दिक्कत या सामान की जरूरत हो तो उन्हें तत्काल सूचना दें, जिससे उनकी मदद की जा सके।
ग्रामीणों द्वारा इसका तत्परता के साथ पालन भी किया जा रहा है। मंगलवार को ग्राम प्रधान सीमा देवी ने घर-घर जाकर मास्क व सैनिटाइजर वितरित किये और स्वयं इस व्यवस्था का जायजा भी लिया।
ग्राम प्रधान सीमा देवी ने मंगलवार को अमर उजाला से बात कर कहा कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए ही यह निर्णय लिया गया है। इसका पालन सुनिश्चत कराया जा रहा है। उनके द्वारा ग्रामीणों की हर संभव मदद की जा रही है। पूरे गांव को सैनिटाइज करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। चूने के साथ ही ब्लीचिंग का भी छिड़काव लगातार करावाया जा रहा है।

