
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस के खिलाफ प्रदेश सरकार के अभियान में बसपा विधायकों को सहयोग का निर्देश देने के लिए बहुजन समाजपार्टी सुप्रीमो मायावती का आभार जताया है।
मायावती ने शुक्रवार को बसपा के सभी विधायकों को अपनी विधायक निधि से एक-एक करोड़ रुपये इस महामारी से बचाव से जुड़े कार्यों के लिए देने का निर्देश दिया था साथ ही आपदा की घड़ी में जनता से सरकार का सहयोग करने की अपील की थी।
मायावती के निर्देश पर विधायकों ने पूर्व में कुछ लाख की दी गई रकम को बढ़ाकर पूरे एक करोड़ रुपये करना शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी ने एक बयान में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरा देश इस महामारी के खिलाफ एकजुट होकर लड़ रहा है।
राजनीतिक पूर्वाग्रह से ऊपर उठकर देश की इस लड़ाई में सहभागी बनने वाले सभी महानुभावों, सुधीजनों व संगठनों का यह दायित्व बनता है कि वे भी इस लड़ाई में सहभागी बनें।



