आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम

अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में योगाभ्यास व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। 21 जून 2021 को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के आह्वाहन पर पूरे देश भर में 75 पुरातात्विक/ऐतिहासिक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर ‘योग एक भारतीय विरासत’ शीर्षक के साथ योग दिवस मनाया गया। अपनी भारतीय परम्परा व संस्कृति को दर्शाते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को ऐतिहासिक स्थलों पर कर के भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की 75वीं वर्षगांठ को भी सम्मिलित किया गया । जिसके अंतर्गत उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज (संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार) व भारतीय पुरातत्व
सर्वेक्षण (ASI) सारनाथ मण्डल (वाराणसी) के संयुक्त तत्वावधान में आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम प्रयागराज स्थित अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद पार्क में योगाभ्यास व सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। योग प्रशिक्षिका डॉ. दीप्ति योगेश्वर ने उपस्थित गणमान्य जनों को योगाभ्यास कराया उसके पश्चात कार्यक्रम की शुरूआत श्री सुजीत चंद्रा के ग्रुप द्वारा गणेश वन्दना की प्रस्तुति एवं सुश्री कीर्ति प्रकाश व दल ने शिव आराधना आधारित कथक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। समस्त सांस्कृतिक कार्यक्रम योग की कला से परिपूर्ण रहे । इसी श्रृंखला में केन्द्र द्वारा उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर (मेरठ), जौनपुर, कानपुर एवं मध्य प्रदेश के खजुराहो में भी किया गया।
जिसका उद्देश्य योगाभ्यास के साथ-साथ देश के पुरातत्व स्थलों के बारे में जानकारी देना भी रहा। इस अवसर पर उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र, प्रयागराज के अधिकारी सहित सारनाथ मण्डल के भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारी व कर्मचारी भी रहे। योगाभ्यास व सांस्कृतिक कार्यक्रम को देख उपस्थित लोगों में असीम ऊर्जा व स्फूर्ति का एहसास किया गया। मंच संचालन का कार्य विवेक रंजन सिंह द्वाराकिया गया।



