बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद निजी अस्पताल से जवाब तलब

सीएमओ ने भेजी नोटिस, दी मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मरीज को घर भेजने एवं उसकी रिपोर्ट पोर्टल पर न डालने के मामले में शहर के एक निजी अस्पताल को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। सीएमओ की ओर से भेजी गई नोटिस में कहा गया है कि अस्पताल की लापरवाही की वजह से कोरोना संक्रमित बुजुर्ग मरीज की मौत हुई। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ इपिडेमिक डिजीज एक्ट 1897 एवं उत्तर प्रदेश महामारी कोविड -19 विनियमावली 2020 के तहत मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है।
सीएमओ डॉ. जीएस वाजपेयी की ओर से भेजे गए नोटिस में कहा गया है कि धूमनगंज निवासी 67 वर्षीय मरीज 29 अगस्त को दोपहर एक बजे कोरोना के लक्षण को लेकर इलाज के लिए अस्पताल गए थे। उनकी कोरोना जांच करायी गयी। उसी दिन शाम पांच बजे कन्फमेट्री रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट आईडीएसपी सेल को भेजा गया जबकि पोर्टल पर अभी तक कन्फमेट्री रिपोर्ट नहीं दी गई।
मरीज को रविवार की साढ़े नौ बजे बताया गया कि वह कोरोना पाजिटिव हैं। जबकि इसके पूर्व दोपहर में अस्पताल की फ्लू क्लीनिक में मरीज का एसपीओटू 80 प्रतिशत था। मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के पूर्व जब उनका एसपीओटू 80 प्रतिशत था तब भी आवश्यक उपचार नहीं किया गया। मरीज को उसी अवस्था में घर भेज दिया गया जबकि आवश्यक इलाज के लिए एल-2 या एल-3 रेफर करना चाहिए था। अंततः मरीज की सुबह मौत हो गई। नोटिस में कहा गया है कि प्रथम दृष्टया चिकित्सक तथा चिकित्सकीय कार्य में घोर लापरवाही तथा शिथिलता का द्योतक है।



