होलागढ़ का बुजुर्ग कोराना पॉजिटिव, तीन डिस्चार्ज जांच को भेजे गये 325 सैम्पल, 204 रिपोर्ट निगेटिव

प्रयागराज। जिले में कोरोना पॉजिटिव के जितने मामले हाल में सामने आए हैं उनमें ज्यादातर का कनेक्शन मुंबई से है। मुंबई से लौटे 62 वर्षीय बुजुर्ग की रिपोर्ट रविवार को कोरोना पॉजिटिव आई है।
उन्हें कोटवा एट बनी के एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुजुर्ग के सम्पर्क में आने वाले आठ लोगों को कालिंदीपुरम क्वारेंटीन सेंटर में रखा गया है। होलागढ़ के उमरिया सारी गांव निवासी यह बुजुर्ग 27 मई को मुंबई से अपने घर लौटे।
कोरोना से संबंधित लक्षण सामने आने के बाद 29 मई को उनका सैम्पल लिया गया। तबसे उन्हें क्वारेंटीन सेंटर में रखा गया था। वहीं कोरोना संक्रमण से उबरने के बाद तीन मरीज रविवार को घर आ गये।
करछना के एक युवक को कोटवा के एल-1 अस्पताल से जबकि जंघई निवासी एक महिला और हंडिया निवासी एक युवक को एसआरएन के एल-3 अस्पताल ये डिस्चार्ज किया गया।
कोरोना संदिग्धों खासकर हाई रिस्क जोन से आने वालों पर स्वास्थ्य महकमे की पैनी नजर है। दूसरे प्रदेशों से आए 325 लोगों के सैम्पल रविवार को जांच के लिए भेजे गए।
इनमें हाल ही में मुंबई से लौटे 55 लोग शहर के रानीमंडी इलाके के हैं। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 200 और केन्द्रीय कारागार नैनी के 77 लोगों के सैम्पल जांच के लिए भेजे गये हैं। रविवार को ही 204 लोगों जांच की रिपोर्ट निगेटिव आई है।




