प्रयागराज में ढाई माह बाद भक्त और भगवान का मिलन, मंदिरों में सुरक्षात्मक ढंग से पूजा
प्रयागराज। अनलॉक वन में आठ जून से धार्मिक स्थलों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कोरोना काल में कपाट खुलने के बाद पड़े पहले मंगलवार को संगम स्थित बड़े हनुमान मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई।
बड़े हनुमान मंदिर के बड़े महंत और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरी ने महाआरती की। इस मौके पर आरोग्य के देवता कहे जाने वाले राम भक्त हनुमान से श्रद्धालुओं और पुजारियों ने खास तौर पर कोरोना का संकट जल्द खत्म हो इसके लिए प्रार्थना की।
विशेष पूजन और महाआरती के लिए बड़े मंदिर में विराजमान लेटे हनुमान की प्रतिमा का फूलों से भव्य श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही नाना प्रकार के
फलों और कई तरह के मिष्ठान का भोग भी लगाया गया।
मंदिर के महंत नरेंद्र गिरी के मुताबिक कोरोना काल में लम्बे समय के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खोले गए हैं। इसलिए पहले मंगलवार को भव्य शृंगार और महाआरती करआरोग्य के देवता को प्रसन्न करने के लिए महाआरती की गई है।
उन्होंने कहा है कि भक्तों का ऐसा विश्वास है कि हनुमान जी की पूजा अर्चना से कोरोना का संकट पूरे देश और दुनिया से जल्द खत्म हो जायेगा। मंदिर में पूजा अर्चना और महाआरती के बादसोशल डिस्टेंसिंग के साथ श्रृद्धालुओं ने भी दर्शन पूजन किया।






