कोरोना से डाॅक्टर समेत पांच की मौत चैबीस घंटे में सामने आए 368 नए मामले

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार खतरनाक होती जा रही है। बुधवार को एक दिन में जहां कोरोना के सबसे अधिक 368 नए मामले सामने आए वहीं कोरोना वायरस से संक्रमित एक डाॅक्टर समेत पांच लोगों की मौत भी हो गई। सीएमओ डॉ. जीएस बापजेई के अनुसार मांडा सीएचसी में तैनात 45 वर्षीय डाॅक्ट कोरोना पॉजिटिव थे। संक्रमित होने पर उन्हें बेली अस्पताल में भर्ती किया गया। मंगलवार रात हालत गंभीर होने पर पहले उन्हें एसआरएन और बाद में मेदांता हॉस्पिटल रेफर किया गया लेकिन वहां भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
चार अन्य मृतकों में करछना व सोरांव क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय दो बुजुर्ग, करेली निवासी 64 वर्षीय और कौशाम्बी के सरायअकिल की 75 वर्षीय महिला शामिल हैं। जिले में एक दिन में सबसे अधिक 368 कोरोना पाजिटिव मामले बुधवार को मिले। इस तरह अब जिले में संक्रमितों की संख्या आठ हजार के पार पहुंच गई है। कोविड 19 के नोडल डा. ऋषि सहाय ने बताया कि संक्रमित मिले लोगों में सबसे अधिक एंटीजेन जांच में पॉजिटिव आए हैं।




