शिवकुटी क्षेत्र में कारोबारी को मारी गोली

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार) । शिक्षिका को परेशान कर रहे एक युवक का विरोध करना कारोबारी को महंगा पड़ गया।
शिवकुटी स्थित अपट्रान चैराहे के पास रहने वाले 55 वर्षीय गिरीश चंद जायसवाल की चावल मिल है। उन्हीं के मोहल्ले में उनकी रिश्तेदार महिला अपनी 6 साल की बेटी के साथ किराए पर रहती हैं।
वह सोरांव के एक स्कूल में पढ़ाती हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का सोरांव में एक इंटर कॉलेज के कार्यालय प्रभारी एके शुक्ला से फरवरी में परिचय हुआ था।
कुछ कारणों से शिक्षिका ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
आरोप है कि रविवार रात एके शुक्ला शिक्षिका से मिलने उसके घर पहुंच और दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाने लगा। शिक्षिका ने मदद के लिए पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्तेदार गिरीश चंद जायसवाल को बुला लिया। वहीं, एके शुक्ला और गिरीश चंद जायसवाल के बीच झड़प हो गई।
आरोप है कि एके शुक्ला ने गिरीश चंद को गोली मार दी और फरार हो गया। स्थानीय लोगों के साथ परिजन जख्मी को बेली अस्पताल ले गए फिर वहां से एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।
अत्यधिक खून बह जाने से हालत गंभीर बनी थी। बाद में एसपी सिटी दिनेश सिंह मौके पर पहुंचे। आरोपी की तलाश में छापेमारी की गई। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी मऊआइमा का रहने वाला है। उसकी गिरफ्तारी में टीमें लगी हैं।


