Latest

पूर्व एसएसपी समेत छह को अस्पताल से छुट्टी

प्रयागराज। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण ग्राफ के बीच राहत भरी खबर यह है कि कोरोना पाॅजिटिव प्रयागराज के पूर्व एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज व उनके गनर समेत छह लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

धूमनगंज की रहने वाली गर्भवती महिला को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। इसी तरह कोटवा से सैदाबाद के 26 वर्षीय युवक व बहरिया के 22 वर्षीय युवक को भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से सभी 06 मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें चार एसआरएन अस्पताल एवं दो कोटवा में भर्ती थे।

डॉक्टरों के मुताबिक, यह सभी लोग पूरी तरह से स्वस्थ हैं, लेकिन अभी 14 दिन तक घर में परिवार के अन्य सदस्यों से दूर रहेंगे। उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमित पूर्व एसएसपी एसआरएन के एल-3 कोविड अस्पताल में भर्ती थे।
इसके अलावा एसआरएन में भर्ती आइटीबीपी के एक जवान की रिपोर्ट निगेटिव आई। घर लौटने से पहले पूर्व एसएसपी समेत सभी मरीजों ने डॉक्टरों समेत पूरी स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार जताया।

इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह, अस्पताल के नोडल डॉ. सुजीत कुमार वर्मा, गौतम त्रिपाठी, डॉ. एसबी यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पूर्व एसएसपी की 12 जून को ट्रू नेट मशीन से हुए कोविड टेस्ट में वह पाॅजिटिव पाए गए थे। इसकी पुष्टि के लिए मेडिकल कॉलेज में आरटीपीसीआर जांच हुई तो उनकी रिपोर्ट 16 जून को भी पाॅजिटिव ही रही।

उन्हें एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 23 जून को उनकी सैंपलिंग कर जांच कराई गई तो रिपोर्ट निगेटिव रही।

जिले में 62 हॉट स्पॉट, 23 खत्म

प्रयागराज। जिले में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ हॉट स्पॉट और कंटेनमेंट जोन की तादाद भी बढ़ रही है। अब कटरा और शिवकुटी दो कंटेनमेंट जोन हैं। सोमवार को 16 पॉजिटिव केस मिलने पर जीआरपी कालोनी, रेलवे कालोनी सूबेदारगंज, रामानंद नगर अल्लापुर, पुलिस लाइन गेट नंबर सात को हॉट स्पॉट बनाया गया है। जिले में अब तक 62 हॉट स्पॉट बनाए जा चुके हैं जबकि 23 को निष्क्रिय किया जा चुका है

कुल संख्या 214, एक्टिव केस 62

प्रयागराज। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को कोरोना पाॅजिटिव कुल आठ मरीज मिले। इस तरह जिले में कुल कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 214 पहुंच गई है। वर्तमान में एक्टिव केस 62 है। अब तक 145 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं जबकि कुल 07 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।

Related Articles

Back to top button