PRSU: छात्र अब कर सकेंगे पीएचडी

नए शैक्षिक सत्र 2020-21 से शोध में होगा दाखिला
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। नए शैक्षिक सत्र 2020-21 से प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) में छात्र शोध कर सकेंगे। विश्वविद्यालय की परीक्षा समिति ने पीएचडी में दाखिले के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। नए सत्र में 11 विषयों सापेक्ष 44 सीटों पर दाखिला क्रेट (संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा) के जरिए होगा। इस आशय का निर्णय कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समित की बैठक में लिया गया।
नवनियुक्त परीक्षा नियंत्रक डॉ. कुलदीप सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार प्रत्येक शिक्षक दो छात्रों के लिए गाइड बनेंगे। नए सत्र से भारतीय प्राचीन इतिहास में 8, राजनीति विज्ञान में 4, अर्थशास्त्र में 2, समाजशास्त्र में 4, हिंदी में 6, वाणिज्य में 4, दर्शनशास्त्र में 4, संस्कृत में 4, समाज कार्य में 4, रक्षा एवं स्त्रोतजिक अध्ययन में 2 और भूगोल विषय में 4 सीटों पर पीएचडी में प्रवेश होगा। पीआरओ डॉ. अविनाश श्रीवास्तव ने बताया कि पीएचडी में दाखिले के लिए संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा 30 सितंबर को ऑफ लाइन मोड में आयोजित की जाएगी।




