आबकारी के बाद पुलिस महकमे पर गिरी गाज
एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को किया निलंबित
फूलपुर में जहरीली शराब से मौतों के मामले में कार्रवाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जहरीली शराब से मौतों के मामले में आबकारी अफसर व कर्मचारियों पर गाज गिरने के बाद शनिवार रात डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने भी फूलपुर थाने में तैनात एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। डीआईजी ने बताया कि दरोगा राजेश कुमार, बीट कांस्टेबल हरेराम गुप्ता, कांस्टेबल गौरव सैनी और कांस्टेबल जोगिंदर सिंह को निलंबित किया है। इन पर आरोप है कि आपराधिक प्रवृत्ति के ठेकेदार के बारे में जानकारी होने के बाद भी रिपोर्ट नहीं दी थी, जिसके कारण यह घटना हुई।
लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई हुई है। वहीं, फूलपुर थाने में फिलहाल के लिए इंस्पेक्टर राज किशोर को अतिरिक्त प्रभारी के तौर पर चार्ज दिया गया है। फूलपुर थाना प्रभारी रहे बृजेश सिंह को महिला अपराध के प्रकरण में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया था। तब से फूलपुर थाने में कोई प्रभारी नहीं था।
वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने इस प्रकरण में कार्रवाई करते हुए देशी शराब की ठेकेदार संगीता देवी, उसके पति श्याम बाबू जायसवाल, कन्हैया जायसवाल, राजेश यादव, अजय यादव, सुरेंद्र और जगजीत को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में ठेकेदार के अलावा सेल्समैन और शराब पहुंचाने वाले दूसरे ठेकेदार शामिल है। इनके खिलाफ शुक्रवार रात को ही आबकारी विभाग की ओर से फूलपुर थाने में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था। सर्विलांस की मदद से शनिवार शाम तक सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
जिला आबकारी अधिकारी भी नपे
प्रयागराज। फूलपुर के जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में आबकारी विभाग के जिला आबकारी अधिकारी सहित चार लोगों को निलंबित कर दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब खुद मामले को संज्ञान में लिया तो आबकारी विभाग ने आनन-फानन में कार्रवाई कर दी।
आबकारी आयुक्त पी गुरु प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला आबकारी अधिकारी संदीप बिहारी मोडवेल, फूलपुर के आबकारी निरीक्षक विजय प्रताप यादव, हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार सहित एक अन्य सिपाही को निलंबित किया गया है।
जहरीली शराब से दो और मौत
प्रयागराज। फूलपुर के अमिलिया गांव के सरकारी ठेके की जहरीली शराब पीने से शनिवार को दो और लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है। उधर पुलिस ने दिन में छह शवों का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सभी के शराब पीने की पुष्टि हुई है। जांच के लिए सभी का बिसरा प्रिजर्व कर लिया गया है। प्रशासन ने जहां पांच शवों का अंतिम संस्कार शहर के रसूलाबाद घाट पर करा दिया वहीं एक शव को लेकर परिजन गांव चले गए। इस मामले में आरोपी ठेकेदार दंपती समेत सात को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। शराब से मरने वालों की संख्या अब आठ हो गई है। शनिवार को फूलपुर थाना क्षेत्र में महेंद्र नाम के दो लोगों की मौत हो गई। उनके परिजनों ने यही कहा कि शराब पीने से मौत हुई है। ऐसे में पुलिस ने दोनों महेंद्र के शवों की पोस्टमार्टम कराकर विधिक कार्रवाई की।



