Latest

प्रधानाचार्य भर्ती: छह मंडलों का साक्षात्कार निरस्त

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा (माशिसे) चयन बोर्ड ने एडेड माध्यमिक कॉलेजों में प्रधानाचार्य पद के दावेदारों को तगड़ा झटका दिया है। चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के छह मंडलों का साक्षात्कार निरस्त कर दिया है। यह कदम मार्च माह में उठाया गया था, जबकि चयन बोर्ड का आदेश अब सार्वजनिक हुआ है, हालांकि वेबसाइट पर यह सूचना अब भी नहीं है। इन मंडलों में नए सिरे से साक्षात्कार होगा, इसकी सूचना अलग से जारी होगी।

उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायताप्राप्त (एडेड) माध्यमिक कॉलेजों के लिए प्रधानाचार्य चयन 2011 का परिणाम इधर चयन बोर्ड रह-रहकर जारी कर रहा था। चयन बोर्ड के उप सचिव का कहना है कि 20 जून 2014 के शासनादेश के तहत नौ मंडलों का साक्षात्कार कराया गया था। इनमें से तीन मंडल झांसी, देवीपाटन व बरेली मंडल के लिए साक्षात्कार से 21 दिन पहले नोटिस जारी की गई थी। इसलिए उसका परिणाम घोषित किया गया है, जबकि शेष छह मंडल गोरखपुर, मुरादाबाद, चित्रकूट, मेरठ, बस्ती व फैजाबाद (अब अयोध्या) में साक्षात्कार के 21 दिन की नोटिस पूर्ण नहीं की गई थी। इसलिए इन मंडलों का परिणाम हाई कोर्ट के आदेश पर तैयार नहीं किया जा सकता है।
बता दें कि हाई कोर्ट ने माडिफिकेशन आदेश 18 अक्टूबर 2019 में सभी मंडलों का परिणाम जारी करने का आदेश दिया था। चयन बोर्ड की ओर से छह मार्च 2020 को जारी आदेश में कहा गया है कि इन मंडलों के लिए पहले कराए गए साक्षात्कार को निरस्त करके फिर से इंटरव्यू कराने का निर्णय बोर्ड ने लिया है, साक्षात्कार की तारीख बाद में घोषित होंगी।

इनसेट…

बोर्ड 942 पदों पर कर रहा था चयन

प्रयागराज। चयन बोर्ड ने प्रधानाचार्य भर्ती 2011 के तहत 942 पदों पर चयन कर रहा था। उस समय प्रदेश के 16 मंडलों में यह पद खाली थे। अभ्यर्थियों से आवेदन लेकर 31 जनवरी 2014 से साक्षात्कार शुरू कराए गए थे। लंबे समय तक यह भर्ती कोर्ट में फंसी रही। कोर्ट से निर्देश मिलने पर नौ मंडलों के 386 पदों के साक्षात्कार कराए गए थे, जबकि 11 पद निरस्त कर दिए गए थे। चयन बोर्ड ने पहले चार मंडलों सहारनपुर, लखनऊ, मीरजापुर व वाराणसी मंडल का परिणाम जारी किया। कुछ माह बाद तीन और मंडलों आजमगढ़, आगरा व प्रयागराज का परिणाम घोषित किया। दावेदार कोर्ट पहुंचे तो देवीपाटन, बरेली और झांसी मंडल का रिजल्ट जारी हुआ है। इसमें छह मंडलों का परिणाम रुका था।

Related Articles

Back to top button