रिमोट से कंट्रोल हो रही थी डिवाइस, सामने आया बिजली चोरी का हाईटेक मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। मीटर में डिवाइस लगाकर उसे रिमोट से कंट्रोल करने का एक मामला शुक्रवार को दिन में सामने आया है। टैगोर टाउन के एसडीओ विजय तिवारी ने टीम के साथ जब इस मीटर को खुलवाया तो डिवाइस देखकर दंग रह गए। जिले में यह पहला ऐसा मामला है, जो पकड़ा गया है। इसकी वीडियोग्राफी कराते हुए सीडी बनवाकर जार्जटाउन पुलिस को सौंपी गई। उपभोक्ता के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई।
शुक्रवार दोपहर उपखंड अधिकारी टैगोर टाउन विजय तिवारी के नेतृत्व में टीम मीटरों की जांच को निकली। क्षेत्र के एक मकान में टीम पहुंची और बिल देखा तो कुछ संदेह हुआ। उपभोक्ता ने बताया कि घर में कोई नहीं रहता है। एसडीओ ने मीटर की जांच की बात कही और मीटर खुलवाने लगे। मीटर खुला तो उसमें डिवाइस देखकर सभी हैरान रह गए। डिवाइस को मीटर से जोड़ा गया था और रिमोट से ही इसे कंट्रोल किया जाता था। जब चाहे बंद और जब चालू कर दें।
उपभोक्ता से इस बारे में पूछा गया तो उसने इस बाबत किसी जानकारी से साफ इनकार कर दिया। टीम ने मीटर जब्त करने के साथ ही दूसरा मीटर लगाया। एसडीओ विजय तिवारी ने बताया कि पूरे प्रकरण की वीडियोग्राफी कर इसकी सीडी तैयार कराई गई। सीडी और तहरीर जार्जटाउन पुलिस को देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।




