रात में वह घर के बरामदे में सो रहा था सुबह घर के पीछे बगीचे में मिला शव

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। सोमवार की रात किशोर की हत्या कर दी गई। वारदात सरायइनायत थाना क्षेत्र में हुई। हत्या की जानकारी परिवार के लोगों और ग्रामीणों को मंगलवार की सुबह हुई।
फाेरेंसकि टीम ने भी की जांच पर नहीं मिला क्लू
रात में वह घर के बरामदे में सो रहा था जबकि सुबह घर के पीछे बांस के बगीचे में शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल करने के बाद स्वजनों और ग्रामीणों से पूछताछ किया।
सरायइनायत थाना क्षेत्र के यरना गांव में राज नरायन परिवार के साथ रहते हैं। राम नरायन का 17 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार उर्फ गोलू सोमवार की रात करीब नौ बजे परिवार के सदस्यों के साथ खाना खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। रात में आंधी और बारिश के चलते बिजली गुल हो गई। इससे वह कमरे से निकल कर बाहर बरामदे में लेट गया। परिवार के लोगों का कहना है कि इसके बाद वह कब और कैसे घर के पीछे बांस के बगीचे में पहुंचा उन्हें जानकारी नहीं है। मंगलवार की सुबह अरुण कुमार का शव घर के पीछे बांस के बगीचे में पड़ा मिला तो चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सरायइनायत थाने के इंस्पेक्टर राकेश चौरसिया व फोरेंसिक टीम पहुंच गई। कुछ देर बाद सीओ फूलपुर राम सागर भी पहुंचे। जांच-पड़ताल करने के बाद पुलिस ने अरुण के घरवालों से पूछताछ की। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि अरुण की हत्या प्रधानी चुनाव के खुन्नस में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



