लैब टेक्निशियन की मौत, 50 लाख मुआवजे की मांग

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोविड ड्यूटी के दौरान एक लैब टेक्निशियन की रविवार को मौत हो गई। जिस पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद सिंह की अध्यक्षता में रविवार को टीबी सप्रू अस्पताल में हुई शोक सभा में बताया गया कि लैब टेक्निशियन समीर शुक्ला की ड्यूटी के दौरान कालिंदीपुरम में 22 मई को मौत हो गई। वह 2010 से लैब टेक्नीशियन पद पर तैनात थे। आरोप है कि तबीयत खराब होने पर उन्होंने छुट्टी मांगी थी लेकिन नहीं मिली। इस बीच अचानक उनकी हालत बिगड़ी और सांसें थम गईं। संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने इस प्रकरण में सीएमओ से जांच कराकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख मुआवजा और परिवार के एक व्यक्ति की नौकरी देने की मांग की। यह भी कहा कि संघ पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद करेगी। शोकसभा में रामसागर, सुधीर यादव, रूद्र प्रताप सिंह, मनीष द्विवेदी, अशोक शुक्ला, अनीता शुक्ला, शैल राय, शशि राय, आलोक, बृजभान, संदीप और अध्यक्ष राहुल रायर उपस्थित रहे।


